‘मेरी जेठानी मुझे संतान न होने का ताना देती है। इसके इकलौते बेटे को मारकर उसे संतान न होने का दर्द बता दो…। बलिया में ये कहकर महिला ने अपने पति को उकसाया। पति ने अपने 9 साल के भतीजे की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी। मारने के बाद दोनों ने उसकी लाश को सरयू नदी में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी ने खुद थाने जाकर बच्चे की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके 6 दिन बाद बच्चे का शव नदी में उतराता मिला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV कैमरों को खंगाला गया। एक फुटेज में बच्चे का चाचा उसे दुकान पर ले जाते दिखा। पुलिस ने चाचा और चाची को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने शनिवार को चाचा और चाची को गिरफ्तार करके मामले का खुलासा किया। वारदात 25 जनवरी की सहतवार थाना क्षेत्र के सिंगही गांव की है। 31 जनवरी को बच्चे का शव मिला था। अब पढ़िए पुलिस का खुलासा… एएसपी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया- गणेश और उसकी पत्नी ने इस हत्या की साजिश 23 जनवरी को ही रची थी। दोनों सही मौके की तलाश में थे। 24 जनवरी को भी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। 25 जनवरी को उन्हें मौका मिला, जब अभिषेक स्कूल से घर लौटा। योजना के तहत गणेश ने पड़ोस के एक बच्चे को पतंग और टॉफी दिलाने का लालच देकर अभिषेक को बुलवाया। जैसे ही अभिषेक आया, गणेश दोनों बच्चों को पतंग और टॉफी खरीदने के बहाने सरयू नदी की ओर ले चला। नदी से करीब 200 मीटर पहले उसने पड़ोसी बच्चे को वहीं रुकने को कहा और अभिषेक को अकेले नदी किनारे ले गया। नदी किनारे ईंट से सिर कूचकर मारा
सरयू नदी के किनारे पहुंचते ही गणेश ने अभिषेक के सिर पर ईंट से 3-4 ताबड़तोड़ वार किए। मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद दोनों ने बच्चे की लाश को सरयू नदी में फेंक दिया और इत्मीनान से टहलते हुए घर लौट आए, जैसे कुछ हुआ ही न हो। इतना ही नहीं, गणेश ने खुद को बचाने के लिए शातिर चाल चली। अभिषेक के गायब होने पर वह भी खोजने का नाटक करता रहा। देर शाम सहतवार थाने पहुंचकर उसने खुद गुमशुदगी/अपहरण की शिकायत दी। अब पढ़िए वारदात की वजह… पुलिस जांच में हत्या की वजह भी सामने आई है। अभिषेक की मां आशा देवी और उसकी छोटी चाची अमृता के बीच घरेलू विवाद चलता रहता था। आशा ने कथित तौर पर अमृता को नि:संतान होने का ताना दिया था। उसकी शादी के साढ़े 3 साल बाद भी उसकी कोई संतान नहीं हुई थी। यह बात अमृता के दिल में घर कर गई। उसने पति गणेश से कहा- अगर आशा हमें ताने मारती है, तो उसे भी पुत्र विहीन कर दो। यहीं से हत्या की साजिश ने जन्म लिया। अब पढ़िए मामला… मृतक के पिता जम्मू-कश्मीर में प्राइवेट नौकरी करते हैं। आरोपी चाचा गांव में ही रहकर खेती-किसानी का काम करता है। वारदात 25 जनवरी की है। बच्चे के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उसके बाद परिजनों ने थाने जाकर गुमशुदगी दर्ज कराई। 31 जनवरी की शाम सरयू नदी में एक शव उतराने की सूचना मिली। ग्रामीणों की सूचना पर सहतवार पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान चंदन प्रजापति के बेटे अभिषेक के रूप में हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शव मिलने के बाद गुस्साए परिजनों ने थाने का घेराव किया। उनका आरोप था कि अगर पुलिस समय रहते गंभीरता से तलाश करती तो अभिषेक की जान बच सकती थी। पिता बोले- एक ही बेटा था, वो भी चला गया
मृतक के पिता चंदन प्रजापति ने बताया कि 25 जनवरी को अभिषेक घर से डेरे की ओर जाने की बात कहकर निकला था, फिर कभी वापस नहीं लौटा। मेरा एक ही बेटा था, इसके अलावा तीन बेटियां हैं। अब बेटे की हत्या की सच्चाई सामने आने के बाद परिवार पूरी तरह टूट चुका है। जैसे बच्चे को मारा, वैसे ही उसे सजा मिले
बच्चे की मां आशा देवी ने बताया- घर में छोटी-मोटी लड़ाई होती रहती थी। घर बनने के समय आए दिन झगड़ते होते थे, लेकिन ये नहीं पता था कि इतनी बड़ी दुश्मनी निभाएंगे। मेरे बच्चे की जान ही ले लेंगे। जिस तरह मेरे बच्चे को तड़पाकर मारा है। उसे भी वैसे ही सजा दी जाए। जो मेरे बेटे को उठाकर ले गया, उससे पूछताछ हो और उसे भी सजा मिले। मेरे बच्चे की सांस चल रही थी, लेकिन उसे नदी में फेंक दिया। मैं उसके सामने ही रोती रही, उसे रहम नहीं आया। उसने मुझे बताया भी नहीं कि मेरे बच्चे को कहां फेका है। ——————————- ये खबर भी पढ़िए- मथुरा में एक्सप्रेस-वे पर 6 की मौत, कंटेनर ने रौंदा:बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस से उतरकर खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया। हादसे में 6 की मौके पर मौत हो गई। एक गंभीर घायल है। घटना शनिवार तड़के 2.45 बजे की है। बस दिल्ली के नागलोई से कानपुर देहात के रसूलाबाद जा रही थी। पूरी खबर पढ़िए
https://ift.tt/WEVdzTY
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply