पीलीभीत जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक विधवा महिला ने अपने देवर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला ने ससुरालियों पर क्लेम के रुपयों के लिए प्रताड़ित कर उसे घर से निकालने का भी गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2022 में एक सड़क दुर्घटना में उसके पति की असामयिक मृत्यु हो गई थी। उस समय महिला गर्भवती थी और पति की मौत के दो माह बाद उसने एक पुत्री को जन्म दिया। दुख की इस घड़ी में सहारा देने के बजाय, उसके सगे देवर ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और उसके साथ लंबे समय तक कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने धोखे से उसके करीब डेढ़ लाख रुपये भी हड़प लिए। विवाहिता का आरोप है कि पति की मौत के बाद मिलने वाली दुर्घटना क्लेम की धनराशि पर उसके ससुराल वालों की नीयत खराब हो गई थी। देवर, ससुर, सास, जेठ और जेठानी मिलकर उस पर क्लेम के रुपये देने का दबाव बनाने लगे। जब महिला ने अपनी और अपनी मासूम बेटी के भविष्य का हवाला देते हुए रुपये देने से इनकार कर दिया, तो ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न बढ़ा दिया। उत्पीड़न की हद तब पार हो गई जब नवंबर माह में ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला के साथ जमकर मारपीट की और उसे उसकी दुधमुंही बच्ची के साथ घर से बाहर निकाल दिया। बेसहारा होकर पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए जहानाबाद पुलिस ने आरोपी देवर समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार बिश्नोई ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
https://ift.tt/6MBElYg
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply