भारतीय जनता पार्टी में पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जैसे ही यह खबर सामने आई, गोरखपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दीं। लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसका लाइव प्रसारण गोरखपुर के बेनीगंज कार्यालय पर देखा गया। बेनीगंज कार्यालय पर महानगर उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडे के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे। जैसे ही पंकज चौधरी के नाम की घोषणा हुई, पूरा कार्यालय तालियों और नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी के लिए बहुत बड़ा दिन है। पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की विचारधारा के साथ काम करती है। पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी और उत्तर प्रदेश में भाजपा का संगठन और ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। दैनिक भास्कर से बातचीत में महानगर उपाध्यक्ष वीरेंद्र पांडे ने कहा कि विपक्ष पीडीए जैसे नारे देकर जनता को भ्रमित करता है और अपने परिवार के लोगों को आगे बढ़ाता है, जबकि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं के बीच से नेतृत्व तैयार करती है। महानगर गोरखपुर के जिला महामंत्री इंद्रमणि उपाध्याय ने कहा कि इस दिन का सभी कार्यकर्ता लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब विपक्ष में डर का माहौल है। लोकसभा चुनाव में संविधान खतरे में होने का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह किया गया, लेकिन अब जनता सच्चाई समझ चुकी है। आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 2022 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से महानगर महामंत्री इंद्रमणि उपाध्याय, बृजेश मणि मिश्रा, जितेंद्र चौधरी जीतू, दयानंद शर्मा, पदमा गुप्ता, प्राण तिवारी, विकास शर्मा, अमित कुमार श्रीवास्तव, शिशिर वर्मा, आनंद अग्रहरी, सिद्धांत घोष, डॉ. गिरिजेश दत्त पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
https://ift.tt/TNa3o9Y
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply