बीसीसीआई की कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के अंतिम लीग मुकाबले में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ की टीमें आमने-सामने हैं। कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में मैच की शुरुआत भावुक क्षणों के साथ हुई। खेल शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पिच क्यूरेटर शिवकुमार को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यूपी के खिलाड़ी दिवंगत क्यूरेटर के सम्मान में हाथ पर काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे और अपनी धारदार गेंदबाजी से चंडीगढ़ के बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। कोहरे और ओस के बीच लड़खड़ाई चंडीगढ़ की पारी सुबह 9:30 बजे जब मैच शुरू हुआ, तो पिच पर मौजूद नमी और ओस का यूपी के तेज गेंदबाजों ने भरपूर फायदा उठाया। एलीट ग्रुप-डी के इस अहम मुकाबले में चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन यूपी के पेस अटैक के सामने उनकी शुरुआत बेहद खराब रही। लंच तक चंडीगढ़ की टीम महज 115 रन के स्कोर पर अपने 6 महत्वपूर्ण विकेट गंवा चुकी थी। हालांकि, दोपहर में धूप खिलने के बाद पिच का व्यवहार थोड़ा बदला और बल्लेबाजों को राहत मिली, लेकिन तब तक यूपी ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। नॉकआउट की दहलीज पर यूपी: जीत ही एकमात्र लक्ष्य यूपी टीम के लिए यह मुकाबला साख और भविष्य दोनों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश की टीम 5 मैचों में 40 अंकों के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज है। नॉकआउट (Knockout) में अपनी जगह पक्की करने के लिए यूपी को इस मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। टीम के मुख्य कोच और पूर्व क्रिकेटर ज्ञानेंद्र पांडेय ने बताया कि टीम पिछले मैच में उत्तराखंड को पारी और 15 रन से हराकर आत्मविश्वास से लबरेज है। लोकल बॉय आदर्श के कंधों पर कप्तानी का दारोमदार
ग्रीन पार्क में हो रहे इस मुकाबले में कानपुर के स्थानीय खिलाड़ी आदर्श टीम की कप्तानी कर रहे हैं। घरेलू मैदान होने के कारण आदर्श को यहां की परिस्थितियों का बखूबी अंदाजा है। गुरुवार को हुए अभ्यास सत्र में कोच ज्ञानेंद्र पांडेय की देखरेख में आदर्श, दीपक राजपूत और काव्य ने नेट्स पर घंटों पसीना बहाया। वहीं गेंदबाजी में प्रशांतवीर और शुभम मिश्रा ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ से कोच को प्रभावित किया। दूसरी तरफ, चंडीगढ़ की टीम भले ही तालिका में सातवें स्थान पर हो, लेकिन वह यूपी का खेल बिगाड़ने के इरादे से मैदान में डटी हुई है।
https://ift.tt/MfVmLCJ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply