सीतापुर के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में शनिवार को चोरों ने एक ही दिन में पांच घरों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी। देर शाम वापस लौटे गृहस्वामियों को अलग अलग समय पर चोरी की वारदातों की जानकारी मिली तो उनके होश फाख्ता हो गए। चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर बंद मकानों और आश्रमों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात, नकदी और कीमती बर्तन चोरी कर लिए। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। पीड़िता साध्वी मंगला ने बताया कि उनकी माता की तबीयत खराब होने के कारण वह उनके साथ बाहर गई हुई थीं। इस दौरान उनका आश्रम बंद था। चोरों ने आश्रम के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लगभग 4 लाख रुपए मूल्य के पुराने जमाने के चांदी के सिक्के, काशे के बर्तन, फूल के बर्तन, एक सोने की चेन और तीन सोने की अंगूठियां चोरी कर लीं। चोरी की जानकारी उन्हें शाम करीब 8 बजे तब हुई, जब वह वापस लौटी। पास की कॉलोनी में गोविंद शुक्ल के घर का भी ताला तोड़ दिया गया। चोर यहां से करीब एक लाख पचास हजार रुपए मूल्य के कीमती सामान, बर्तन और लगभग 30 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। इस घटना की जानकारी करीब 5 बजे के आसपास हुई, जिसके बाद 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। इसके अलावा हरदोई मार्ग पर बरगदिया पुल से करीब 200 मीटर पहले बने मकान में रहने वाले राजकुमार यादव के घर तथा ठाकुर नगर तिराहे के पास स्थित शिव स्वरूप ब्रह्मचारी के आश्रम को भी चोरों ने निशाना बनाया। दोनों स्थानों पर ताले तोड़कर कीमती सामान और बर्तन चोरी कर लिए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इन वारदातों से पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूचना मिलने पर नैमिषारण्य पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी
https://ift.tt/ghOje0T
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply