कानपुर। निवेशकों से करोड़ों रुपये जमा कराने के बाद भुगतान न करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर कल्याणपुर पुलिस ने निखिल इंडिया इन्वेस्टर सर्विसेस लिमिटेड के तीन निदेशकों और एक शाखा प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कल्याणपुर निवासी सुभाष चंद्र दुबे ने न्यायालय में वाद दायर कर बताया कि वह निखिल इंडिया इन्वेस्टर सर्विसेस लिमिटेड में एजेंट के रूप में कार्यरत थे। उनके माध्यम से कई जमाकर्ताओं ने कंपनी की विभिन्न योजनाओं में धन जमा कराया था। आरोप है कि कंपनी के निदेशक राजेश पांडे, विजय लक्ष्मी और रामशुभ मिश्रा तथा शाखा प्रबंधक विशंभर नाथ उपाध्याय ने निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी न तो मूलधन लौटाया और न ही ब्याज का भुगतान किया। शिकायतकर्ता के अनुसार भुगतान की मांग करने पर निदेशकों की ओर से लगातार टालमटोल की जाती रही। पहले कंपनी का कार्यालय चुन्नीगंज स्थित रतन स्क्वायर में था, जिसे बंद कर कल्याणपुर के न्यू लाइफ हॉस्पिटल कॉम्प्लेक्स में खोला गया, लेकिन कुछ समय बाद वह कार्यालय भी बंद कर दिया गया। छह सितंबर 2025 को सभी आरोपियों को कानूनी नोटिस भेजकर रुपये की मांग की गई, जिसे लेने से उन्होंने इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान निदेशक राजेश पांडे ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी दी कि यदि कानूनी कार्रवाई की गई तो पैसा नहीं मिलेगा और जान से हाथ धोना पड़ेगा। सुभाष चंद्र दुबे का कहना है कि इस पूरे मामले में उनके और उनके जमाकर्ताओं के साथ करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने थाने और पुलिस आयुक्त सहित अन्य उच्चाधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।न्यायालय के आदेश के बाद कल्याणपुर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/zyVvIba
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply