पनियरा कस्बे के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने पनियरा थाने में अस्पताल संचालक और ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर पर लापरवाही तथा फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। दीपक कन्नौजिया, निवासी ग्राम पंचायत जंगल जलरलहा उर्फ तेंदूअहिया, थाना पनियरा ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी पूजा को 18 फरवरी 2026 को प्रसव पीड़ा हुई थी। उन्हें पहले पनियरा क्षेत्र में दिखाया गया, जिसके बाद परिजन उन्हें नगर पंचायत पनियरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद सिजेरियन ऑपरेशन की आवश्यकता बताई और इसके लिए 40 हजार रुपये जमा कराए। ऑपरेशन के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिससे महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और रात भर उसकी हालत बिगड़ती चली गई। सुबह करीब 8 बजे महिला की स्थिति गंभीर होने पर, परिजनों को बिना जानकारी दिए उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने वाहन में ही उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भी महिला को मृत बताया गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर फर्जी था और अस्पताल में डॉक्टर का नाम गलत दर्ज किया गया था। उनका दावा है कि वास्तविक ऑपरेशन किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किया गया था। महिला की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां तनाव की स्थिति बन गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर महिला को प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हंगामे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पनियरा थाना अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/PhHt9up
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply