DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

नायब तहसीलदार हलिया को प्रतिकूल प्रविष्टि मिली:जिलाधिकारी ने लालगंज तहसील निरीक्षण में लापरवाही पर की कार्रवाई

मिर्जापुर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने गुरुवार को लालगंज तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर नायब तहसीलदार हलिया को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। इस कार्रवाई से तहसील कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय में लंबित राजस्व वादों की स्थिति, फाइलों के निस्तारण की गुणवत्ता और समयबद्धता की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व वादों का निस्तारण केवल संख्या बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और न्यायसंगत तरीके से किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि शासन की प्राथमिकता है कि आम जनता को समय पर न्याय मिले और मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
3 तस्वीरों में देखिए डीएम का निरीक्षण… जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में मौजूद फरियादियों से भी संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ग्राम सभा लालपुर पहुंचे, जहां उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल में ग्रामीणों ने राजस्व, भूमि विवाद, राशन कार्ड, आवास, बिजली, सड़क और पेयजल से संबंधित विभिन्न मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांव-गांव जाकर शासन की योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि ग्राम स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बरती जाए और ग्रामीणों को बार-बार तहसील व ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। निरीक्षण एवं चौपाल कार्यक्रम के दौरान तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी, कर्मचारी तथा ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


https://ift.tt/dyC6BDv

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *