बिजनौर के धामपुर के के.एम. इंटर कॉलेज परिसर में एक होमगार्ड का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान धामपुर निवासी 58 वर्षीय जगदीश सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना तब सामने आई जब कॉलेज के मैदान में खेल रहे बच्चों ने एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। बच्चों ने तत्काल एम्बुलेंस सेवा को सूचित किया। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धामपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद वे तुरंत सीएचसी धामपुर पहुंचे। मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता बीती रात लगभग आठ बजे ई-रिक्शा लेकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। सुबह उनका शव कॉलेज परिसर में मिलने की सूचना मिली। परिजनों का कहना है कि मृतक का ई-रिक्शा अब तक नहीं मिला है, जिससे घटना को लेकर संदेह गहरा गया है। शव पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। जगदीश सिंह पिछले करीब 30 वर्षों से होमगार्ड के रूप में सेवा दे रहे थे। वर्तमान में उनकी तैनाती थाना शेरकोट में थी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि गंभीर हालत में मिले व्यक्ति को सीएचसी लाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
https://ift.tt/ea2O9Xg
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply