शाहजहांपुर में एक किसान ने धान नहीं तौलने पर सेंटर में जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले किसान और सेंटर इंचार्ज के बीच बहस भी हुई थी। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें किसान बोल रहा है– कितनी बार ये ट्राली इस क्रय केंद्र से वापस की गई है। मेरा धान आखिर कब तौला जाएगा। आरोप है कर्मचारियों ने कहा- आग लगा लो या जहर खा लो, तुम्हारा धान नहीं तौला जाएगा। पीड़ित के भाई ने थाने में तहरीर देकर सेंटर पर दो हजार कुंटल धान की फर्जी खरीद का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला बिछौली क्रय केंद्र का है। धान तौलने के लिए कहा तो गाली-गलौज करने लगे निगोही थाना क्षेत्र के ढकिया तिवारी गांव के रहने वाले विजेंद्र सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया– उनके भाई प्रवेश सिंह बिछौली क्रय केंद्र पर 3 से चार बार ट्राली में धान लेकर जा चुके हैं। लेकिन धान नहीं तौला गया। गुरुवार को भी प्रवेश धान लेकर क्रय केंद्र पर गए थे। वहां पर एक बिचौलिया खड़ा था। जब प्रवेश ने धान तौलने के लिए कहा तो वो लोग गाली-गलौज करने लगे। जहर खा लो या आग लगा लो, धान नहीं तौलेंगे कहा– तुम्हारा धान नहीं तौला जाएगा, चाहें तुम आग लगा लो या फिर जहर खा लो। फिर भी यहां पर धान नहीं तौला जाएगा। धान नहीं तोलने के कारण प्रवेश ने परेशान होकर जहर खा लिया। जहर खाने की घटना के बाद बिचौलिया और इंचार्ज सेंटर पर ताला डालकर भाग गए। इसके बाद वहां अन्य किसानों ने इसकी जानकारी परिवार को दी। परिवार के लोग फौरन क्रय केंद्र पहुंचे। प्रवेश को निगोही सीएचसी भेजा। यहां उसका इलाज किया जा रहा है। आरोप है जिस समय प्रवेश ट्रॉली से धान लेकर क्रय केंद्र पर गया था। वहां पर उसका क्रय केंद्र पर मौजूद कर्मचारी से विवाद भी हुआ था। भाई का आरोप है क्रय केंद्र पर किसान का धान नहीं तौला जा रहा है, जबकि सेंटर पर करीब दो हजार कुंटल धान खरीदा जा चुका है। यह अवैध है। फर्जी मुकदमा कर जेल भेजने की धमकी दी भाई का आरोप है– कई बार सेंटर पर गए तो बार–बार कभी आढ़त पर भेज देते तो कभी वापस कर देते थे। कहते थे धान नहीं तौलेंगे। तौल तो रोज हो रही है लेकिन सिर्फ कागजों में हो रही है। आवाज उठाने पर उसे फर्जी मुकदमा में जेल भेजने तक की धमकी दी गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही निगोही थाना प्रभारी सीएचसी पहुंचे। जहां उन्होंने डाक्टर से किसान के स्वास्थ की जानकारी ली। थाना प्रभारी का कहना है– डाक्टर के अनुसार किसान ने जहर नहीं खाया है। तौल कराने के कारण उसने ऐसा किया है। हालांकि उन्होंने कहा– किसान से पूछने पर बताया कि धान तौल नहीं होने कारण उसने जहर खाया है। एडीएम बोले- किसान ने घर जाकर खाया जहर वहीं एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्र ने बताया- किसान ने घर जाकर जहर खाया है। किसान ने धान तौल नहीं होने की शिकायत नहीं की थी। धान तौल कराने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पांडेय से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। डीएम का सीयूजी नंबर उनके कर्मचारी के पास था। उन्होंने कहा- डीएम अभी मीटिंग में हैं।
https://ift.tt/5YfbF0S
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply