DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

देवरिया में दुकानदार की मौत मामले में हत्या का केस:नशे में धुत युवकों ने पकौड़ी खाई, पैसे मांगने पर जमकर पीटा था

देवरिया जिले के खामपार थाना क्षेत्र के कुकुर घाटी चौराहे पर चाय दुकानदार अवधराज खरवार की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमे की धाराओं में संशोधन करते हुए मारपीट की जगह हत्या की धारा जोड़ दी है। घटना के सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिल सकी है, हालांकि पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नशे में धुत युवकों ने की थी मारपीट
कुकुर घाटी निवासी अवधराज खरवार (60) पुत्र वुचूक चौराहे पर अंग्रेजी शराब की दुकान के पास चाय-पकौड़ी की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार की शाम कुछ युवक शराब खरीदने के बाद नशे की हालत में उनकी दुकान पर पहुंचे और बिना पैसे दिए पकौड़ी उठाकर खाने लगे। दुकानदार ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और आरोप है कि युवकों ने अवधराज को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल दुकानदार को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी रही। चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया, लेकिन शुक्रवार की देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

गांव पर शव पहुंचते ही भड़का था आक्रोश
अवधराज का शव गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने रविवार को शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी समझाने-बुझाने के बाद लोगों को शांत कराया। प्रशासन की ओर से शीघ्र कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ और परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। मारपीट से हत्या में बदली धाराएं
घटना के बाद मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ पहले मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन उपचार के दौरान अवधराज की मौत हो जाने के बाद मुकदमे में हत्या की धारा तरमीम कर दी गई। पुलिस अब मामले को हत्या के रूप में विवेचना कर रही है।
थानाध्यक्ष खामपार प्रदीप अस्थाना ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


https://ift.tt/J3b1FaI

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *