कोतवाली क्षेत्र के घटैला गाजी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार रात अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास की घटना सामने आई है। इस दौरान स्मार्ट क्लास की कुर्सियां तोड़ी गईं और पानी की मोटर चुराने का प्रयास किया गया। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शुक्रवार सुबह जब विद्यालय खुला, तो शिक्षक और ग्रामीण अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए। कक्षाओं में कई कुर्सियां टूटी हुई मिलीं और परिसर में बियर की खाली बोतलें पड़ी थीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि असामाजिक तत्वों ने रात में विद्यालय को अपना अड्डा बना लिया था। विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयदीप नाथ त्रिपाठी ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर दी है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए बताया कि संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के साथ ही मोटर चोरी का प्रयास भी किया गया, जिससे पेयजल और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती थीं। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग विद्यालय पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय बच्चों की शिक्षा का केंद्र है और ऐसी हरकतें निंदनीय तथा चिंताजनक हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। संदिग्धों की तलाश भी जारी है। ग्रामीणों ने विद्यालय की सुरक्षा बढ़ाने, रात्रि गश्त तेज करने और परिसर में निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
https://ift.tt/WEfU9MA
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply