देवरिया पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस फेरबदल किया है। इस क्रम में बनकटा और बघौचघाट थानों को नए थानाध्यक्ष मिले हैं। बनकटा थाना प्रभारी गोरखनाथ सरोज को कार्य में लापरवाही के आरोप के बाद हटा दिया गया था। अब बघौचघाट के थानेदार विशाल उपाध्याय को बनकटा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही खामपार थाना क्षेत्र की भिंगारी बाजार पुलिस चौकी के प्रभारी अनिल कुमार तिवारी को बघौचघाट थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों को बिहार सीमा से लगे इन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों, विशेषकर शराब और पशु तस्करी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। देवरिया और बिहार सीमा से जुड़े इन थाना क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। रात के समय शराब, मवेशियों और अन्य प्रतिबंधित सामान की आवाजाही की खबरें आम थीं। पुलिस अधीक्षक सुमन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सीमा पार अपराध में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय और अनिल कुमार तिवारी ने कर्तव्यनिष्ठा के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि सीमा क्षेत्र में रात की विशेष गश्त, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और खुफिया तंत्र को सक्रिय करने की योजना पर तुरंत काम शुरू कर दिया गया है।
https://ift.tt/AV10KfM
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply