DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

दहेज के लिए विवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश:हालत गंभीर, पति समेत 6 पर केस दर्ज; 8 साल पहले हुई थी शादी

पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मदीना नगर की है, जहां गंभीर रूप से झुलसी महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति सहित छह ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कम दहेज का ताना देकर करते थे प्रताड़ित पुलिस के मुताबिक थाना माधोटांडा क्षेत्र के गांव मल्लपुर न्यूरिया निवासी नूरी का निकाह 2018 में मदीना नगर निवासी फिरोज खान से हुआ था। नूरी के दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष कम दहेज का ताना देकर उसे प्रताड़ित करने लगा। ससुराल वाले लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और सोने के जेवरात की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर नूरी के साथ मारपीट की जाती थी। पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई मंगलवार को नूरी के साथ यह खौफनाक घटना हुई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उस समय उसका पति घर पर मौजूद नहीं था। आरोप है कि सास रिहाना और देवर आदिल उर्फ मीनू ने उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसी नूरी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ डॉ. प्रतीक दहिया पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़िता के बयान दर्ज किए। नूरी ने स्पष्ट रूप से ससुराल पक्ष पर पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप लगाया है। कोतवाल पवन पांडे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर और बयान के आधार पर पति फिरोज खान, सास रिहाना, ससुर महमूद खान, देवर आदिल उर्फ मीनू, अफरोज खान और ननद नसरीन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराई और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


https://ift.tt/Pvn39af

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *