DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

दलित महिलाओं ने भाजपा नेत्री पर लगाए गंभीर आरोप:मुरादाबाद में SSP से शिकायत-हमें वाइपर से पीटा;पार्क पर ताला डाला, बैठने पर देते हैं गालियां

मुरादाबाद में एक भाजपा नेत्री पर दलित महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए SSP सतपाल अंतिल से शिकायत की है। महिलाओं ने शिकायती पत्र के साथ एक वीडियो भी पुलिस कप्तान को सौंपा है। जिसमें एक युवक दलित महिलाओं की वाइपर से पिटाई करता नजर आ रहा है।
पूरा मामला मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में मानसरोवर कालोनी का है। मानसरोवर कालोनी से एकदम सटा हुआ बौद्ध विहार मोहल्ला है। जहां अधिकतर अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं। इस मोहल्ले का रास्ता भी मानसरोवर कालोनी में ही खुलता है।
बौद्ध विहार से सटे मानसरोवर के हिस्से में ही शिव मंदिर के पास देवकीनंद पार्क है। इस पार्क पर कालोनी के कुछ लोगों ने ताला लगा दिया है। ये लोग बौद्ध विहार के लोगों के इस पार्क में बैठने और बच्चों के यहां खेलने पर यह कहकर रोक लगाते हैं कि पार्क मानसरोवर योजना का हिस्सा है। इसलिए बौद्ध विहार के लोग इसे यूज नहीं कर सकते हैं।
इसी पार्क में 30 जनवरी को विवाद हुआ था। बौद्ध विहार की रहने वाली सोनी जाटव पत्नी अमित कुमार, कलावती पत्नी स्वर्गीय कुंवर सेन और निशा पत्नी सुमित जाटव का आरोप है कि 30 जनवरी को वह लोग देवकीनंदन पार्क में जाकर बैठ गए थे। तभी वहां सिद्धार्थ चौहान, रेखा मदान व उनके कुछ अन्य लोग पहुंचे और उन्होंने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए महिलाओं से मारपीट और अभद्रता शुरू कर दी।
महिलाओं का कहना है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित भी किया गया। इतने में सिद्धार्थ चौहान नाम के युवक ने वाइपर घर से निकालकर महिलाओं की पिटाई की और भद्दी गालियां देकर पार्क से भगा दिया। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद पुलिस चौकी में भाजपा नेत्री रेखा मदान ने दबाव बनाकर कागज पर हस्ताक्षर कराए गए और अगले दिन घर पहुंचकर धमकाने की कोशिश की गई।
शिकायत में मांग की गई है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए पार्क को कब्जा मुक्त कराया जाए। पीड़ित महिलाओं ने कहा कि आरोपियों को सत्ताधारी दल के नेताओं का संरक्षण हासिल होने की वजह से ही सरेआम महिलाओं से मारपीट जैसे संगीन मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महज शांति भंग की कार्रवाई की है।


https://ift.tt/MILTOHR

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *