मैनपुरी के कुरावली विकास खंड में पॉलीहाउस में दमिश्क गुलाब की खेती किसानों के लिए आय का एक सशक्त माध्यम बन गई है। मंगलवार को सीडीओ ने कुरावली में उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत 50 प्रतिशत अनुदान पर स्थापित एक पॉलीहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला उद्यान अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे। पॉलीहाउस का संचालन कर रहे प्रगतिशील किसान रामेन्द्र सिंह चौहान और मिथलेश चौहान ने बताया कि दमिश्क गुलाब की खेती जिले की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुकूल है। उन्होंने कहा कि नियंत्रित वातावरण में उत्पादन बेहतर होता है। पॉलीहाउस तकनीक से फूलों की गुणवत्ता सुधरती है। जिससे बाजार में अच्छी कीमत मिलती है। किसानों की आय में होगी वृद्धि मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के अन्य किसानों से पारंपरिक खेती के बजाय फल, फूल और अन्य आधुनिक बागवानी फसलों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि किसानों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सीडीओ ने इस सफल मॉडल को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित करने पर जोर दिया। रामेन्द्र सिंह ने बताया कि फूलों की देखरेख के लिए बाहरी श्रमिकों को लगाया जाता है। इस पर सीडीओ ने स्थानीय श्रमिकों को प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ने की सलाह दी, ताकि ग्रामीण स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और इच्छुक लाभार्थियों के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी दिए। किसान रामेन्द्र सिंह के अनुसार, पॉलीहाउस में गुलाब की खेती से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 20 से 25 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। मौके पर उपस्थित अन्य किसानों को भी एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत पॉलीहाउस और अन्य बागवानी योजनाओं में अनुदान का लाभ उठाकर आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
https://ift.tt/ImrVfDE
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply