DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

डीएम ने मड़िहान CHC का किया निरीक्षण:खामियां मिलने पर जताई नाराजगी, महिला चिकित्सक अनुपस्थित मिलीं

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मड़िहान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, दवा स्टॉक, उपस्थिति पंजिका और साफ-सफाई व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण में कई गंभीर खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उपस्थिति पंजिका के अवलोकन से पता चला कि महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्षिता श्रीवास्तव कई महीनों से बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित हैं। उनका वेतन भी आहरित नहीं किया जा रहा है। एक्स-रे कक्ष में प्रतिदिन 10 से 12 एक्स-रे किए जाने की जानकारी दी गई, जबकि ओपीडी पंजीकरण की औसत संख्या लगभग 4 हजार प्रतिमाह बताई गई।
दवा स्टॉक के निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। सीएचसी में उपयोग होने वाली कुल 230 दवाओं में से केवल 140 दवाओं के लिए ही मांग पत्र भेजा गया था। शेष 90 दवाओं के लिए मांग पत्र न भेजने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वर्तमान स्टॉक की स्थिति भी स्पष्ट नहीं की जा सकी। उपलब्ध दवाओं का भौतिक सत्यापन नहीं हो सका, क्योंकि यह स्पष्ट नहीं था कि कौन सी दवा कितनी मात्रा में शेष है। बड़ी मात्रा में दवाएं आगामी महीनों में एक्सपायर होने वाली पाई गईं, जिससे संकेत मिलता है कि रोगियों को आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण नहीं हो रहा है। दवाओं के रखरखाव, अभिलेखों के अद्यतन और साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहद खराब मिली। इन सभी गंभीर त्रुटियों के मद्देनजर, जिलाधिकारी ने मुख्य फार्मासिस्ट राजेश सिंह को उनके दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन न करने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सी.एल. वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


https://ift.tt/RgDWdHE

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *