प्रयागराज में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ जीआरपी ने कार्रवाई की है। बुधवार को छिवकी रेलवे स्टेशन पर एक शातिर मोबाइल चोर इंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी का एक रेडमी स्मार्टफोन बरामद हुआ है। एडीजी रेलवे और एसपी रेलवे प्रयागराज के निर्देश पर इन दिनों रेलवे परिसरों में चोरी, छिनैती और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह गिरफ्तारी हुई। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे जीआरपी थाना प्रभारी अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम छिवकी स्टेशन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। चौकी प्रभारी छिवकी उप-निरीक्षक रामकरन सिंह अपनी टीम के साथ प्लेटफार्म नंबर-1 पर हावड़ा एंड की ओर पहुंचे। वहां एक युवक पेड़ के नीचे संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला, जो पुलिस को देखते ही भागने लगा। सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान इंद्रजीत सिंह (28 वर्ष) पुत्र निवासी देवघाट झलवा, थाना एयरपोर्ट, प्रयागराज के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से रेडमी कंपनी का ग्रे कलर का टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया गया। जांच में पता चला कि यह मोबाइल मुकदमा बीएनएस के तहत दर्ज चोरी के एक मामले से संबंधित है। पूछताछ में आरोपी इंद्रजीत ने स्वीकार किया कि वह रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाता था। खासकर सो रहे या लापरवाह यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान चोरी करना उसकी आदत थी। चोरी से मिले पैसों से वह अपने शौक और ऐशो-आराम पूरे करता था। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि आरोपी के तार अन्य घटनाओं से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
https://ift.tt/qZK3rsG
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply