मुजफ्फरनगर में बुढ़ाना पुलिस ने फाइनेंस पर लिए गए ट्रकों को फर्जी कागजात के आधार पर बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक मदरसे के कारी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच लाख रुपये नकद और चार ट्रक बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने एसपी देहात आदित्य बंसल, एसपी यातायात अतुल चौबे और सीओ बुढ़ाना गजेंद्र सिंह के साथ मिलकर इस गैंग का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि बुढ़ाना कोतवाल सुभाष अत्री को इलाके में सक्रिय इस गैंग के बारे में जानकारी मिली थी। इसी सूचना के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने मेहरबान अली उर्फ कारी और अफजाल, निवासी झिंझाना, शामली को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से पांच लाख रुपये नकद, चार ट्रक, दो मोटरसाइकिल, आठ फर्जी आधार कार्ड, छह आरसी और नंबर प्लेट बरामद हुई हैं। बरामद माल की कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है। एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि यह गिरोह पहले फर्जी आधार कार्ड के जरिए वाहनों को फाइनेंस कराता था। इसके बाद वे इंजन और चेसिस नंबर बदलकर संबंधित वाहन का रजिस्ट्रेशन अरुणाचल प्रदेश में कराकर उन्हें बेच देते थे। गिरोह के सदस्य फर्जी आधार कार्ड पर बैंकों में खाते भी खुलवा चुके थे। आरोपियों ने इस तरीके से अनगिनत वाहनों को बेचकर भारी मुनाफा कमाया है। एसएसपी ने यह भी बताया कि इस मामले में तीन अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरोह अरुणाचल प्रदेश के आरटीओ कार्यालय में सांठगांठ कर इस पूरे फर्जीवाड़े को अंजाम देता था।
https://ift.tt/ayNx2OR
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply