झांसी में पिटाई से आहत होकर एक महिला ने सुसाइड कर लिया। मृतका के 4 साल के बेटे ने कहा- पापा और बुआ ने मां को बहुत मारा। फिर मां ने जहर खा लिया। आरोप है कि 4 घंटे तक उसे अस्पताल नहीं ले गए। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर अस्पताल ले गए तो मौत हो गई। ससुराल वाले शव को घर ले आए। गुरुवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। तभी सूचना पाकर मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के नगरिया कुआं मोहल्ले का है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए 5 साल पहले हुई थी शादी मृतका का नाम मोनिका उर्फ रोली दुबे (25) था। वो प्रतापगढ़ की रहने वाली थी। उसकी शादी 26 फरवरी 2020 को नगरिया कुआं मोहल्ला निवासी शिवम दुबे से हुई थी। उनका 4 साल का एक बेटा है। मृतका की भाभी कोमल पांडे ने बताया- मेरे ननदोई शिवम प्राइवेट काम करता था। मगर ननद मोनिका को बच्चे की फीस और खर्चा नहीं देता था। इससे वो परेशान रहती थी। ननदोई दो महीने से बैंग्लोर में था। 3 दिन पहले ही वो घर आया था। मंगलवार रात को दोनों का पैसों को लेकर विवाद हो गया। मेरे पास फोन आया तो मैंने समझाकर मामला शांत करा दिया। मारपीट के बाद जहर खा लिया कोमल पांडे ने आगे बताया- बुधवार सुबह ननदोई मोनिका का फोन आया कि सास, ननद गाली दे रही है। उसने वीडियो कॉल करके खिड़की के पास फोन रख दिया। बोली भाभी आप चोरी छुपे देखते रहना। तब मोनिका को उसकी ननद ने धक्का दिया तो वो गिर गई। उठकर उसने ननद को धक्का दे दिया। तब दोनों व पति मारपीट करने लगे। मैंने कहा कि क्यों मार रहे हो तो फोन छीनकर काट दिया। तब मैंने ननदोई शिवम के पास फोन किया। तब बोलने लगे कि इसमें कमी है। तब हमने कहा कि दो दिन रुक जाओ, मेरे पति आ जाएंगे तो हम आकर मोनिका को ले जाएंगे। 4 घंटे तक अस्पताल नहीं ले गए कोमल पांडे ने आगे बताया- बुधवार सुबह 10 बजे झगड़ा हुआ था। 12 बजे हमारे पास ननदोई का फोन आया कि मोनिका ने जहर खा लिया। हमने कहा कि आप अस्पताल ले जाओ। मगर अस्पताल नहीं ले गए। फिर तबीयत बिगड़ने पर 4 बजे अस्पताल ले गए। फिर कहने लगे कि बहुत सीरियस है। तब हम लोग घर से रवाना हुए। गुरुवार सुबह 7 बजे झांसी पहुंचे तो घर के बाहर मोनिका का शव रखा था और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। ननद भाग चुकी थी। तब हमने 112 नंबर पर कॉल किया। अब हमें न्याय चाहिए। अभी शिकायत नहीं मिली कोतवाली थाना प्रभारी विद्यासागर ने बताया कि झगड़ा होने पर मोनिका ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
https://ift.tt/pOkjZIK
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply