शीत लहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लखनऊ जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी विशाख जी. ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और रैन बसेरों का स्थलीय निरीक्षण कर निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर कंबलों का वितरण कराया और खुले में रह रहे लोगों को रैन बसेरों में भेजने के निर्देश दिए। हजरतगंज से डीएसओ चौराहे तक किया स्थलीय निरीक्षण जिलाधिकारी ने हजरतगंज चौराहा, जीपीओ पार्क, डीएसओ चौराहा सहित नगर के विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर ठंड से प्रभावित जरूरतमंद लोगों से बातचीत की और उन्हें कंबल वितरित किए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि खुले में रहने वाले लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों और रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए। सिविल अस्पताल रैन बसेरे में व्यवस्थाओं का लिया जायजा जिलाधिकारी विशाख जी. ने सिविल अस्पताल स्थित रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया। केयर टेकर ने बताया कि रैन बसेरे में महिला और पुरुषों के ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था है और वर्तमान में यहां 15 लोग आवासित हैं। निरीक्षण में रैन बसेरे में अलाव, हीटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, बिस्तर और कंबलों की पर्याप्त उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। प्रमुख स्थलों पर अलाव की व्यवस्था के निर्देश शीत लहर को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने कहा कि ठंड के कारण किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं लगातार जांची जाएं। रात्रिकालीन गश्त और फील्ड भ्रमण और प्रभावी बनाने पर जोर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात के समय गश्त और फील्ड भ्रमण को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति शीत लहर के कारण असुरक्षित न रहे। जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी स्थानीय अपर नगर मजिस्ट्रेट और नगर निगम के जोनल कार्यालय को सौंपी गई है। तहसीलों से नगर क्षेत्र तक चला राहत अभियान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की विभिन्न तहसीलों में उप जिलाधिकारियों द्वारा और नगरीय क्षेत्रों में अपर नगर मजिस्ट्रेट एवं नगर निगम के जोनल अधिकारियों द्वारा कंबल वितरण और रैन बसेरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, तहसीलदार सदर, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, नगर निगम के जोनल अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
https://ift.tt/mL019Xg
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply