जालौन में बुधवार देर रात कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अंडा के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मृत्यु हो गई, जबकि एक किशोर सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एट कोतवाली के ग्राम सतोह निवासी 26 वर्षीय शिवम पुत्र स्वर्गीय गोविंददास अपने पड़ोसी दोस्त 16 वर्षीय शिवाजी और उसके छोटे भाई 14 वर्षीय श्यामजी पुत्र जितेंद्र के साथ बाइक से कोंच नगर में चल रहे एक प्रदर्शन को देखने जा रहा था। रात करीब 9 बजे जब उनकी बाइक ग्राम अंडा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर आगरा के ग्राम कासपुर निवासी 30 वर्षीय राजकुमार पुत्र नरेश अपनी पत्नी मंजू और 2 वर्षीय पुत्र ऋषभ के साथ सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं और अनियंत्रित होकर टकरा गईं। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने शिवम और राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवाजी, श्यामजी, मंजू और मासूम ऋषभ को प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। मृतक शिवम अपने परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसके माता-पिता की कई वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम कर अपनी छोटी बहन मुस्कान का भरण-पोषण करता था। वहीं, मृतक राजकुमार आगरा में सब्जी की दुकान लगाता था। उसके छोटे भाई मुकेश ने बताया कि राजकुमार अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम सैदनगर जा रहा था। कोंच कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
https://ift.tt/fdheWMo
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply