DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

जमीन विवाद में महिला की हत्या में तीन गिरफ्तार:फावड़े और डंडे से किया था हमला, कहासुनी के बाद हुई थी मारपीट

देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के पथरदेवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12, फरेंदहा मोहल्ले में जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर एक महिला की हत्या कर दी गई। इस घटना में महिला के ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा और डंडा भी बरामद कर लिया है। यह घटना 5 फरवरी की शाम को हुई, जब नरसिंह यादव के परिवार और उनके बड़े भाई बाबूलाल यादव के परिवार के बीच रास्ते और जमीन को लेकर कहासुनी हुई। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि बाबूलाल पक्ष के लोग लाठी-डंडा और फावड़ा लेकर नरसिंह यादव के घर में घुस गए और उन पर हमला कर दिया। हमले में नरसिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने आईं उनकी बहू सीमा देवी के सिर पर फावड़े से वार किया गया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया। घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा गया। चिकित्सकों ने सीमा देवी को मृत घोषित कर दिया। नरसिंह यादव की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतका सीमा देवी के दो छोटे बच्चे हैं और उनके पति मुंबई में नौकरी करते हैं। इस मामले में मृतका की सास सुगंती देवी की तहरीर पर तरकुलवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 7 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कंचनपुर तिराहे के पास से मुख्य आरोपी बाबूलाल यादव, हीरमती देवी, अनिता यादव और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा और डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बाबूलाल यादव और हीरमती देवी के खिलाफ पहले भी मारपीट और धमकी देने के मामले दर्ज हैं। क्षेत्राधिकारी सदर संजय रेड्डी ने बताया कि मामले में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


https://ift.tt/mpHFT28

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *