चित्रकूट के कर्वी स्थित ऑडिटोरियम हॉल सोनेपुर में मिलेट्स महोत्सव का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने महोत्सव का भ्रमण और निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए मिलेट्स तथा मिलेट्स से निर्मित व्यंजनों के स्टालों का अवलोकन किया और समूहों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की सराहना की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तहसील और ब्लॉक परिसरों में मिलेट्स आधारित कैंटीन स्थापित की जाएं। साथ ही, उप कृषि निदेशक को निर्देशित किया गया कि जनपद स्तर पर आयोजित बैठकों में केवल मिलेट्स से बने बिस्किट, नमकीन और अन्य उत्पादों का ही उपयोग सुनिश्चित किया जाए। कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) के स्टाल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मिलेट्स उत्पादों की बिक्री नेफेड के माध्यम से कराई जाएगी। उन्होंने किसानों को अधिकाधिक मिलेट्स की खेती के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि परिषदीय विद्यालयों में सप्ताह में एक दिन मिड-डे-मील में मिलेट्स को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों से मिलेट्स से बने व्यंजन और अन्य उत्पाद तैयार कर उनकी आपूर्ति के लिए समन्वय स्थापित किया जाए। मिलेट्स महोत्सव के दौरान अंतरराष्ट्रीय अर्ध-शुष्क संस्थान (इक्रीसेट), हैदराबाद के वैज्ञानिक डॉ. अशोक शुक्ला ने मिलेट्स की उपयोगिता, महत्व और खेती पर विस्तृत जानकारी दी। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शस्य वैज्ञानिक डॉ. जी.एस. पवार ने किसानों से मिलेट्स की संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की। कृषि विज्ञान केंद्र, गनीवा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विजय गौतम ने मिलेट्स की उन्नत शस्य तकनीक पर, जबकि डॉ. उत्तम त्रिपाठी ने मिलेट्स प्रसंस्करण पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। महोत्सव में होटल और रेस्त्रां संचालकों द्वारा अपने प्रतिष्ठानों में श्रीअन्न के व्यंजनों को शामिल करने के उद्देश्य से विशेष मेन्यू जारी किए गए। स्वर्णिमा रेस्टोरेंट, मिनी ग्रेजुएट बेकरी और बनारसी भोजनालय के मेन्यू इस अवसर पर जारी किए गए। महोत्सव के दूसरे दिन मिलेट्स/श्रीअन्न व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कृषकों, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों ने अपने-अपने व्यंजन प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के उपरांत चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की कुछ और तस्वीरें देखिए
https://ift.tt/ykrZMPO
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply