चित्रकूट के शहीद स्मारक पर युवाओं का ‘कफन सत्याग्रह’ सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी कफन ओढ़कर जिले की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग कर रहे हैं। सत्याग्रह के दौरान एक युवक भूपेंद्र सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सूचना मिलते ही कोतवाल श्याम प्रताप पटेल, तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी और डॉक्टर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और चिकित्सकों ने भूपेंद्र सिंह को इलाज के लिए अस्पताल चलने को समझाया, लेकिन उन्होंने साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे इलाज नहीं कराएंगे। युवाओं ने बताया कि यह आंदोलन जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी भूपेंद्र पटेल ने मुख्यमंत्री को अपने खून से चार पेज का ज्ञापन लिखा है, जिसे वे हाथ में लेकर सत्याग्रह कर रहे हैं। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से अपील की गई है कि वे स्वयं चित्रकूट आकर मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करें, ताकि जिले के लोगों को बेहतर इलाज मिल सके। इस कफन सत्याग्रह में प्रिंस केसरवानी, शिव शंकर पटेल, पुष्पेंद्र सिंह, नरेंद्र राव, आलोक सिंह, वेद, अभिषेक और विक्रम सिंह सहित अन्य युवा शामिल हैं। शहीद स्मारक पर लोगों की भीड़ जुट रही है, वहीं प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
https://ift.tt/YiyE6X3
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply