बुलंदशहर के दिल्ली रोड स्थित लीलावती कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार को वीर बाल दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सिख पंथ के दशम गुरु गोबिंद सिंह के चारों पुत्रों के बलिदान की गाथा देखकर सैकड़ों स्कूली बच्चे और शिक्षक भावुक हो गए। सभी ने गुरुपुत्रों की शहादत को नमन किया। यह कार्यक्रम राष्ट्र चेतना मिशन द्वारा जिले भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आयोजित किया गया था। संस्था के अध्यक्ष हेमन्त सिंह ने मुगलों के शासनकाल के दौरान खालसा पंथ के संघर्ष और बलिदानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मुगल शासक औरंगज़ेब और उसके सिपहसालारों ने हिंदू और सिख जनता पर धर्म परिवर्तन के लिए अत्याचार किए। हालांकि, चारों साहिबजादों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह सहित असंख्य योद्धाओं ने वीरतापूर्वक लड़ते हुए धर्म की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए, लेकिन सनातन धर्म नहीं छोड़ा। कार्यक्रम के दौरान, संस्था की ओर से एक बड़ी एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम लगाकर स्कूल के सैकड़ों बच्चों को एनिमेशन फिल्म ‘चार साहिबजादे’ का विशेष प्रसारण दिखाया गया। फिल्म देखकर कई महिला शिक्षक और छात्र-छात्राएं भावुक हो गए। कार्यक्रम के बाद सभी बच्चों को गुरु तेग बहादुर के 350वें बलिदान वर्ष पर आधारित पुस्तकें भी वितरित की गईं। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्र चेतना मिशन के व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक न्यू गुप्ता ने किया। स्कूल के वाइस प्रिंसिपल सौरभ सक्सेना ने अध्यक्षता करते हुए संस्था के विभिन्न सेवा कार्यों की सराहना की और इस प्रेरणादायक अभियान के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा लाल तालाब कमेटी की ओर से पधारे सरदार सतनाम सिंह, सरदार संजय सिंह, सरदार सिंह, सरदार आयुष सिंह और जोरावर सिंह को अंग वस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमन्त सिंह, जिला उपासना प्रमुख आचार्य कृष्ण मिश्रा, व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक न्यू गुप्ता, नगर विद्यार्थी प्रमुख देवेश शर्मा, नगर गौसेवा प्रमुख अरुण राजपूत, नगर संयोजक सिकंदराबाद मोहन सैनी, रमा शर्मा, अलंकार अग्रवाल, निशा शर्मा, हेमन्त गुप्ता, अर्पित भारद्वाज और शुभ पंडित सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
https://ift.tt/65qeZm7
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply