ग्रेटर नोएडा में थाना ईकोटेक 3 पुलिस और होंडा सिटी कार सवार बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। यह घटना शुक्रवार रात की है, जब थाना इकोटेक-3 पुलिस जलपुरा स्थित बिजली घर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध कार आती दिखी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। रास्ते में पानी भरा होने के कारण गाड़ी फंस गई। पुलिस बल ने गाड़ी का पीछा किया। खुद को घिरा देखकर कार सवार बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिससे बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ मौत के रूप में हुई है, जो हाथरस जिले के सासनी थाना क्षेत्र के तिलोटी गांव का निवासी है। बदमाश के कब्जे से एक सोने की चेन, एक दीवार घड़ी, कपड़े, मेकअप किट, एक होंडा सिटी कार और एक तमंचा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश संजीव उर्फ सनी पर करीब 27 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ अलीगढ़, गौतम बुद्ध नगर सहित कई जिलों में चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे एक शातिर चोर बता रही है और उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी आरके गौतम ने बताया कि पुलिस की एक बड़े शातिर बदमाश से मुठभेड़ हुई, जिसमें वह घायल हो गया।
https://ift.tt/n8sz2vp
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply