ग्रेटर नोएडा के कासना में एक बड़ा हादसा टल गया। शनिवार रात घने कोहरे के कारण रास्ता न दिखने से एक कार नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि नाले में पानी कम था, जिससे कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। यह घटना युवराज मेहता जैसी दुर्घटना होने से बच गई। जानकारी के अनुसार, इटावा निवासी सुनील कुमार अपने चालक रिजवान के साथ शनिवार देर रात करीब 3 बजे लूक्सर से परी चौक की ओर जा रहे थे। उनकी कार ओला टैक्सी कंपनी से जुड़ी है। इकोटेक 6 स्थित ओप्पो कंपनी की तरफ से भाटी गोल चक्कर की ओर जाते समय घना कोहरा था। कम विजिबिलिटी के कारण चालक 90 डिग्री का मोड़ नहीं देख पाया और कार सीधे नाले में जा गिरी। कार नाले में गिरने के बाद सीधी खड़ी हो गई। नाले में पानी का स्तर कम होने, बहाव धीमा होने और गहराई कम होने के कारण कार सवार दोनों व्यक्ति तुरंत सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार को नाले से बाहर निकलवाया। रविवार को जब प्रशासन को इस घटना की जानकारी मिली, तो ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने वहां लकड़ी की बल्लियां लगाकर और छोटी रिफ्लेक्टर टेप लगाकर उस स्थान को सुरक्षित किया। हालांकि, प्रशासन द्वारा पहले भी उस नाले को मिट्टी डालकर ढका गया था। उल्लेखनीय है कि नोएडा सेक्टर 150 में युवराज की मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कई ‘ब्लैक स्पॉट’ चिन्हित किए थे। इन स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह रिफ्लेक्टर लगाए गए थे ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
https://ift.tt/jGaxZld
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply