DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

ग्राम पंचायतों में नियमित जलापूर्ति हो- प्रभारी मंत्री मनोहर लाल:बोले- खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदले, नए विद्युत कनेक्शनों के आवेदन लंबित नहीं रखे

चित्रकूट के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी) बुधवार को जनपद के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने डाक बंगले पर पत्रकारों से बातचीत करने के बाद विकास भवन में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘ए’ ग्रेड वाले विभाग अपनी रैंकिंग बनाए रखें, जबकि ‘बी’, ‘सी’ और ‘डी’ ग्रेड में शामिल विभागों को तत्काल सुधार करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक में अपेक्षित सुधार न मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक चित्रकूट/बांदा के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, डीसी मनरेगा डीएन पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए और नए विद्युत कनेक्शनों के आवेदन लंबित न रखे जाएं। उन्होंने शासन की गाइडलाइन के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया गया कि कोई भी पात्र किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित न रहे।
जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और ग्राम पंचायतों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सड़कों को गड्ढामुक्त रखने और नई सड़कों की गुणवत्ता की निरंतर जांच करने को कहा गया। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पतालों में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सकों की रोस्टर के अनुसार तैनाती तथा एम्बुलेंस सेवाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गौशालाओं में संरक्षित पशुओं के लिए हरे चारे एवं ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह ने जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। बैठक के दौरान विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर मंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कैंसर के प्रति जागरूकता और रोकथाम की शपथ भी दिलाई। अंत में, मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल ने सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी मंत्री मनोहर लाल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।


https://ift.tt/TwX0jqK

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *