गोरखपुर में सरसों के खेत में अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिला है। युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। उसके सीने में चाकू धंसा हुआ था और शरीर पर कई गहरे जख्मों के निशान मिले हैं। करीब 20 मीटर की दूरी पर शराब की खाली बोतलें और पानी के पाउच मिले हैं। अभी तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान नौसढ़ निवासी अभिषेक सिंह के रूप में हुई है। पूरा मामला गीडा थाना क्षेत्र के पेवनपुर गांव का है। वेटर का काम करता था अभिषेक परिजनों ने बताया कि अभिषेक शादी-विवाह और आयोजनों में वेटर का काम करता था। शुक्रवार शाम वह घर से पैदल निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन बंद मिला। उन्हें अंदेशा नहीं था कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। पार्टी के बाद हत्या की आशंका ग्रामीणों ने बताया कि जब वे शनिवार सुबह खेत की ओर गए, तो वहां का दृश्य देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। युवक का शव जमीन पर पड़ा था और चारों तरफ खून फैला हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से युवक पर कई बार वार किए थे। हत्या के बाद आरोपी चाकू को उसके सीने में ही छोड़कर भाग गए। पुलिस को घटनास्थल से करीब 20 मीटर की दूरी पर शराब की खाली बोतलें और पानी के पाउच मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले वहां शराब पार्टी हुई थी। संभावना है कि युवक अपने किसी परिचित के साथ वहां आया था और नशे की हालत में हुए विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मोबाइल गायब, लूट या साजिश? जांच के दौरान मृतक के पास से इयरबड्स तो मिले, लेकिन उसका मोबाइल फोन गायब है। मोबाइल का न मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या लूट के इरादे से की गई या फिर साक्ष्य मिटाने के लिए फोन साथ ले जाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जो हत्यारों तक पहुंचने में अहम साबित हो सकते हैं। थाना प्रभारी गीडा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। 72 घंटे बाद पीएम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच चल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
https://ift.tt/ZpJsSnK
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply