गोंडा जिले में आगामी 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियां अभी से ही तेज कर दी गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) डॉ. रामचंद्र ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि 17 फरवरी की सुबह तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा शुरू होने से पहले, विभिन्न टीमों द्वारा 151 परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर, इंटरनेट कनेक्टिविटी और बिजली व्यवस्था की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षाएं नकलविहीन तथा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों। इसके साथ ही, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, गोंडा में एक हाईटेक जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस कंट्रोल रूम में लगभग 20 मॉनिटरों पर सभी 151 परीक्षा केंद्रों को सीधे ऑनलाइन माध्यम से जोड़ा जाएगा। यदि कोई परीक्षा केंद्र ऑफलाइन पाया जाता है या वहां के सीसीटीवी कैमरे बंद मिलते हैं, तो तत्काल फोन कर संबंधित केंद्र को सूचित किया जाएगा और जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। स्थानीय खुफिया विभाग भी इन सभी परीक्षा केंद्रों की विस्तृत जांच कर रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि इस बार 95 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने में अब केवल 16 दिन शेष हैं, इसलिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। कंट्रोल रूम बनाने के साथ-साथ केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठकें भी की गई हैं और ड्यूटी लगाई जा रही है। बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापकों की ड्यूटी लगाने के संबंध में भी पत्र भेजा गया है।
https://ift.tt/AvMniOc
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply