श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाशोत्सव से पूर्व शनिवार को लाजपत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा एवं शाही सवारी का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। पंच प्यारों की अगुवाई में निकली इस शोभायात्रा में सिख समुदाय के साथ-साथ विभिन्न धर्मों के लोगों ने भी भाग लिया, जो सर्वधर्म समभाव की मिसाल पेश करता है। शोभायात्रा जिन मार्गों से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने पहले से ही साफ-सफाई कर रखी थी। पूरे मार्ग पर पुष्प वर्षा की गई और गुरु महिमा के जयकारे गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। शाही सवारी के आगे सिख महिलाओं ने झाड़ू लगाकर सेवा की और पुष्प अर्पित किए। यह दृश्य श्रद्धालुओं की श्रद्धा और समर्पण को दर्शाता है। शोभायात्रा में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देखने को मिलीं। पंजाब से आए कंवलजीत सिंह के वीर खालसा ग्रुप ने गतका प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लुधियाना से कुलदीप सिंह की टीम के हलदा पाइप बैंड की मधुर धुनें, दिल्ली से हैप्पी रंधावा की पंजाबी आर्केस्ट्रा पार्टी और अमृतसर दरबार साहिब से आए पाई परमजीत सिंह का नरसिंगा वादन शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहे। लखनऊ से आई संगत ने पूरे मार्ग में गुरु जसगायन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शोभायात्रा गुरुद्वारा परिसर से शुरू होकर छाया राजकमल, ईदगाह, सट्टी बाजार, घंटाघर, धनोखर, निब्लेट चौराहा और बेगमगंज होते हुए वापस गुरुद्वारा परिसर में संपन्न हुई। मार्ग में विधायक सुरेश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन, पूर्व सांसद उपेन्द्र रावत, नगर पालिका चेयरमैन शीला सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और व्यापारियों ने पंच प्यारों का भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा के समापन पर गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारा परिसर में भव्य आतिशबाजी भी की गई। सेवादार सरदार राजदीप सिंह ने समस्त संगत का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रधान सरदार भूपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। देखें फोटो…
https://ift.tt/uPoa09G
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply