हरदोई जिला प्रशासन ने बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इसी क्रम में संडीला क्षेत्र में अतरौली रोड स्थित गुरुकुल एकेडमी के संचालक एवं प्रबंधक आशीष कुमार गुप्ता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई जांच में यह पुष्टि हुई है कि विद्यालय कक्षा एक से 12 तक बिना किसी वैध मान्यता के संचालित हो रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि विद्यालय प्रबंधन अभिभावकों से किताबों और ड्रेस के नाम पर अवैध वसूली कर रहा था। विद्यालय संचालन के लिए शासन अथवा शिक्षा विभाग से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस अमान्य विद्यालय को बंद कराने के लिए पूर्व में भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे। अगस्त और सितंबर 2025 में दो बार नोटिस दिए गए, वहीं नवंबर 2025 में पुनः निरीक्षण कर विद्यालय को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के बावजूद विद्यालय का संचालन जारी रखा गया। वर्तमान में गुरुकुल एकेडमी में लगभग 200 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत बताए जा रहे हैं, जिनका किसी भी मान्यता प्राप्त विद्यालय में नामांकन नहीं है। यह स्थिति शिक्षा का अधिकार अधिनियम का खुला उल्लंघन है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, बिना मान्यता के विद्यालय संचालन करने पर गुरुकुल एकेडमी के संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विद्यालय को तत्काल बंद कराने के लिए प्रभारी निरीक्षक को पत्र भेजा गया है। गौरतलब है कि जिलाधिकारी पहले ही बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दे चुके हैं।
https://ift.tt/cnXbKmW
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply