गोरखपुर के गीताप्रेस ने धार्मिक पुस्तकों की अंतर्राष्ट्रीय पहुंच को मजबूत करने के लिए नई फ्रेंचाइजी योजना शुरू की है। इसके तहत दिसंबर 2025 में नेपाल के बुटवल में पहली फ्रेंचाइजी खोली गई थी। अब इस योजना का विस्तार करते हुए नेपाल के विराट नगर में दूसरी फ्रेंचाइजी खोलने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए स्थान तय कर लिया गया है और लगभग चार महीने में फ्रेंचाइजी तैयार हो जाएगी। इसी कड़ी में दैनिक भास्कर ने काठमांडू ब्रांच के मैनेजर जय किशन सराडा से बातचीत की। अब पढ़िए नेपाल में विस्तार को लेकर मैनेजर जय किशन ने क्या कहा? नेपाल को ईस्टर्न और वेस्टर्न में बांटा गया
काठमांडू ब्रांच मैनेजर जय किशन सराडा ने बताया- गीता प्रेस की किताबों की आम लोगों तक पहुंच आसान बनाने के लिए नेपाल को दो हिस्सों ईस्टर्न और वेस्टर्न में बांटा गया है। वेस्टर्न नेपाल के बुटवल में हाल ही में खोली गई फ्रेंचाइजी शंकर खनाल के संचालन में है। दूसरी फ्रेंचाइजी, जो विराट नगर में स्थापित की जाएगी, देवेनरा ग्रुप के पास होगी। गीताप्रेस गोरखपुर के नियमों के साथ संचालन होगा
हर फ्रेंचाइजी का संचालन गीताप्रेस, गोरखपुर के नियमों के अनुसार किया जाएगा। प्रत्येक फ्रेंचाइजी में एक मालिक और दो कर्मचारी होंगे। साथ ही, किसी भी स्थान पर खोली जाने वाली फ्रेंचाइजी को एक ही डिजाइन में तैयार किया जाएगा, ताकि गीता प्रेस की पहचान हर जगह समान बनी रहे। नेपाल के बुटवल में स्थित फ्रेंचाइजी में गीता प्रेस की सभी पुस्तकें उपलब्ध हैं। यहां हिंदी, अंग्रेज़ी, संस्कृत और नेपाली भाषाओं में पुस्तकें उपलब्ध हैं। 80 पुस्तकों का नेपाली अनुवाद हुआ
गीता प्रेस की 80 विभिन्न पुस्तकों का नेपाली अनुवाद किया जा चुका है। 2026 के मध्य तक 100 पुस्तकों का अनुवाद करने का प्रयास किया जा रहा है। इन पुस्तकों में 9 धार्मिक ग्रंथ भी शामिल हैं। 100 पुस्तकों का नेपाली में अनुवाद पूरा होने के बाद नेपाल में एक भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें इस उपलब्धि का उत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम में देश के जाने-माने विशिष्ट अतिथि मुख्य रूप से शामिल होंगे। नेपाल में अनुवाद, गोरखपुर में प्रिंट
सभी पुस्तकों का अनुवाद काठमांडू ब्रांच से किया जाता है और अंतिम रूप देकर गोरखपुर भेजा जाता है। जहां से प्रिंट होकर किताबें वापस काठमांडु ब्रांच पर पहुंचा दी जाती हैं। यहां से हम बुकसेलर और अन्य लोगों तक पहुंचाते हैं। नेपाल में सबसे ज्यादा श्रीमद भागवद्गीता की डिमांड
बुटवल की फ्रेंचाइजी से प्रतिक्रिया बहुत अच्छी मिल रही है। रिटेल के साथ-साथ होलसेल वितरण भी शुरू हो गया है। काठमांडु ब्रांच से होने वाली होलसेल बिक्री पर बुक सेलर्स को जो कमीशन मिलता है, उतना ही कमीशन फ्रेंचाइजी को भी दिया जाता है। नेपाल के अंदर गीताप्रेस के श्रीमदभागवद्गीता का सबसे ज्यादा डिमांड है। यह नेपाली और हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा बिकती है। फ्रेंचाइजी लेने के लिए इन शर्तों को पूरा करना होगा
गोरखपुर गीता प्रेस के मैनेजर डॉ. लालमणि तिवारी ने बताया कि गीता प्रेस की फ्रेंचाइजी एक विशेष एक्सक्लूसिव शोरूम के रूप में खोली जाएगी। जो भी व्यक्ति फ्रेंचाइजी लेना चाहता है, उसे निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी। मेल, फोन या वेबसाइट से कर सकते आवेदन
डॉ. लालमणि तिवारी ने बताया- फ्रेंचाइजी लेने के लिए गीता प्रेस की ऑफिशियल वेबसाइट, ऑफिशियल फोन नंबर या ईमेल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए कोई शुल्क नहीं है। फोन नंबर और ईमेल आईडी ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध है। अजमेर में देश का पहला एक्सक्लूसिव शो रूम
विदेश में पहली फ्रेंचाइजी नेपाल में खोली गई है। वहीं, देश में राजस्थान के अजमेर में पहला एक्सक्लूसिव शो रूम खोला गया है। इस शो रूम में भी 15 भाषाओं में गीताप्रेस की पुस्तकें उपलब्ध हैं। हर शहर में सिर्फ एक शो रूम होगा
किसी भी शहर में गीताप्रेस की केवल एक ही फ्रेंचाइजी या एक्सक्लूसिव शो रूम खोला जाएगा। इस पहल से फ्रेंचाइजी लेने वालों को फायदा होगा। आसपास कोई अन्य स्टोर न होने से बिक्री अच्छी होगी और स्टोर की प्रतिष्ठा भी मजबूत होगी। एक्सक्लूसिव शो रूम देश के हर शहर में धीरे-धीरे खोले जाएंगे। फिलहाल इसके लिए कोई विस्तृत योजना नहीं बनाई गई है। आने वाले समय में योजना बनने के बाद उसी के अनुसार काम किया जाएगा।
https://ift.tt/KSt5wsf
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply