गाजीपुर में गोमती नदी पुल से एक युवक को धक्का देकर हत्या करने के मामले का कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में 22 वर्षीय सदानंद कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सदानंद कुशवाहा पर नीरज गुप्ता को पुल से धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त सदानंद कुशवाहा ने बताया कि 12 नवंबर 2025 की रात वह अपने मित्र नीरज गुप्ता और कुछ अन्य साथियों के साथ वाराणसी घूमने निकला था। कैथी टोल प्लाजा से पहले ही वे सभी वापस लौट आए। गोमती नदी पुल पर फोटो खिंचवाने के दौरान नीरज गुप्ता और सदानंद कुशवाहा के बीच कहासुनी हो गई। इसी विवाद के चलते सदानंद ने अपने साथियों राहुल कुशवाहा और शेरू खान के साथ मिलकर नीरज गुप्ता को पुल से धक्का दे दिया। नदी में गिरने से नीरज की मौत हो गई। घटना के बाद, सदानंद ने मृतक नीरज का मोबाइल तोड़कर फेंक दिया और उसका सिम कार्ड अपने पास रख लिया था। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो सिम कार्ड, एक मोबाइल फोन और मृतक का जियो कंपनी का सिम कार्ड बरामद किया है। बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 238 की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त सदानंद कुशवाहा (लगभग 22 वर्ष) नुरुद्दीनपुरा, नई सब्जी मंडी, थाना कोतवाली, गाजीपुर का निवासी है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली में हत्या का मुकदमा संख्या 982/2025 दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह और उप निरीक्षक सुनील कुमार सिंह की टीम ने की। पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
https://ift.tt/8NtBdUW
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply