मथुरा में खाकी ने खाकी को शर्मशार कर दिया। यहां आगरा के किसान को प्रधान ने हनी ट्रैप में फंसाया तो चौकी प्रभारी और सिपाही ने बलात्कार के मामले में जेल भेजने की धमकी दी। मामला ADG आगरा जोन के सामने पहुंचा तो मथुरा पुलिस में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने किसान की तहरीर पर मुकद्दमा लिख कर दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही प्रधान,दरोगा,सिपाही,महिला और इनके एक साथी की तलाश शुरू कर दी है। किसान को मिला था मुआवजा आगरा के थाना जगदीशपुरा इलाके के गांव अंगूठी निवासी किसान जगदीश सिंह की जमीन 3 साल पहले रेल विकास निगम ने अधिग्रहित की थी। इसके बदले रेल विकास निगम ने जगदीश सिंह को 3 करोड़ से ज्यादा का मुआवजा दिया। इसकी जानकारी किसी तरह मथुरा के फरह की रहने वाली सपना उर्फ राजवाला और उसके औरंगाबाद निवासी साथी श्याम जाट को हो गई। इसके बाद सपना और श्याम ने जगदीश को फंसा कर रुपए ठगने की योजना बनाई। प्रधान ने रची साजिश किसान जगदीश को सपना और श्याम ने अपने जाल में फंसा लिया और उससे 3 साल में 12 लाख रुपए ठग लिए। इसके बाद जगदीश से और रुपए ऐंठने के लिए सपना और श्याम ने अपने साथ ओल गांव के हिस्ट्रीशीटर प्रधान ख़ुबिराम को मिला लिया। प्रधान ने किसान से बड़ी रकम ऐंठने के लिए योजना बनाई। जिसके बाद जगदीश को जमीन खरीदने के लिए ओल बुलाया। कमरे में बिठाकर बुला ली पुलिस 31 जनवरी को जगदीश ओल पहुंचे। जहां खूबीराम ने जगदीश और श्याम को किराए पर लिए कमरे में बिठा दिया। इसके कुछ देर बाद ही सपना वहां आ गई। इसके बाद खूबीराम और श्याम मकान मालिक को बुलाने की कहकर वहां से चले गए। 10 मिनट बाद खूबीराम लौटा तो उसके साथ एक दरोगा और सिपाही था। दरोगा और सिपाही ने किसान जगदीश को पकड़ लिया और उसको बलात्कार के मामले में जेल भेजने की धमकी देने लगे। दरोगा और सिपाही जगदीश को लेकर चौकी चले गए। चौकी में बनाया बंधक प्रधान के साथ कमरे पर पहुंचे दरोगा कपिल कुमार और हेड कांस्टेबल राकेश किसान जगदीश को पकड़कर चौकी ले गए। जिसके बाद दरोगा और सिपाही ने किसान को चौकी में बंधक बना लिया। उससे 5 लाख रुपए की मांग की जाने लगी। धमकी दी अगर रुपए नहीं दिए तो बलात्कार में जेल भेज देंगे। चौकी में बंधक बने जगदीश ने शाम तक किसी तरह प्रधान,दरोगा और सिपाही को एक लाख रुपए दिए। बाकी 4 लाख रुपए 2 फरवरी तक देने का वादा किया। इसके बाद पुलिस और प्रधान ने किसान की गाड़ी जब्त कर ली और कहा रुपए दे जाना गाड़ी ले जाना। किसान ने दी ADG को जानकारी बंधक बने जगदीश जब उनसे छूट कर आए तो इसके बाद उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी ADG आगरा जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ को दी। ADG ने मामले की जांच कराने के लिए आगरा पुलिस की एक टीम बनाई और गोपनीय तरीके से तहकीकात कराई। ADG द्वारा भेजी गई पुलिस टीम ने मामले को सही पाया। इसके बाद आरोपी प्रधान को पकड़ने की प्लानिंग बनाई। मुखबिर बनाकर भेजे दरोगा को धक्का देकर भागा प्रधान आरोपी प्रधान खूबीराम को पकड़ने के लिए प्रधान ने एक दरोगा को मुखबिर बनाकर भेजा। दरोगा प्रधान को बातों में फंसा रहे थे। इसी दौरान चौकी प्रभारी कपिल को किसी तरह मामले की जानकारी हो गई। उसने प्रधान को फोन कर मामले की जानकारी दी। प्रधान ने जानकारी मिलते ही दरोगा से बदसलूकी की और मौके से भाग गया। इधर आरोपी दरोगा और सिपाही भी फरार हो गए। FIR दर्ज कर दरोगा और सिपाही को किया निलंबित इस मामले में ADG आगरा जोन अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने तत्काल FIR दर्ज करने के आदेश देते हुए कार्यवाही करने के लिए मथुरा पुलिस से कहा। गुरुवार को फरह पुलिस ने पीड़ित जगदीश की तहरीर पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया। इस मामले में एसएसपी श्लोक कुमार ने तत्काल दरोगा कपिल और सिपाही राकेश को निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी दरोगा दबंग किस्म का था। कपिल थाना पर भी साथी स्टाफ के साथ व्यवहार सही नहीं रखता था।
https://ift.tt/0HlGC38
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply