DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाने पर विवाद:अलीगढ़ महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा के गनर ने अनुसूचित मोर्चा के महानगर मंत्री पर तानी कारबाइन

अलीगढ़ के हैबिटेट सेंटर में बुधवार को अटल स्मृति सम्मेलन में पहुंचे भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य के साथ फोटो खिंचवाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। फोटो खिंचवाने से रोकने पर कार्यकर्ताओं की महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा के गनर अनूप कुमार से नोकझोंक हुई। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नोकझोंक के बीच गनर ने अनुसूचित मोर्चा के महानगर मंत्री सहाय पर कारबाइन तान दी। इससे वहां हंगामा शुरू हो गया। फोटो खिंचवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद घटनाक्रम के अनुसार सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य थे। वे हैबिटेट सेंटर के पांचवें माले से ऑडिटोरियम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ता राकेश सहाय और कुछ अन्य कार्यकर्ताओं ने उनके साथ फोटो खिंचवाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बीच महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने धक्का दे दिया। इसके बाद से तकरार बढ़ गई। मंच पर जाने से रोके जाने पर बढ़ी तनातनी कार्यक्रम के दौरान जब राकेश सहाय, पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा और गोरांग तिवारी मंच पर क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए आगे बढ़े तो महानगर अध्यक्ष के इशारे पर उनके गनर ने उन्हें रोक दिया। यहीं पर फिर से धक्का-मुक्की के हालात बन गए। कुछ कार्यकर्ताओं ने गनरों को कार्यक्रम से बाहर करने की आवाज भी उठाई। हालांकि उस समय मामला किसी तरह संभल गया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद निकली कारबाइन सम्मेलन समाप्त होने के बाद नीचे आते समय एक बार फिर क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान महानगर अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के बीच फिर से धक्का-मुक्की हुई। क्षेत्रीय अध्यक्ष के जाते ही कार्यकर्ताओं ने कहा– अरे भाईसाहब इधर आ जाओ तुम… इतना कहते ही गनर ने सुन यार तू… कहते ही कारबाइन निकालकर राकेश सहाय की ओर तान दी। इसके बाद कार्यकर्ता भड़क गए और जमकर हंगामा हुआ। बाद में अन्य गनरों और नेताओं ने बीच–बचाव कर मामला शांत कराया। वहीं, कुछ लोगों ने गनर के साथ हाथापाई करने का आरोप लगाया है। राकेश सहाय बाेले– हम तो दलित हैं… दलित लोग हैं हम लोग तो, हम पर तो कारबाइन भी तन जाएगी, मुकदमे भी हो जाएंगे। सब काम हम पर ही होंगे। राकेश सहाय ने आरोप लगाया कि महानगर अध्यक्ष ने गनर को कार्यकर्ताओं पर जुल्म करने के लिए रखा हुआ है। यह बदतमीजी करने के लिए रखे गए हैं। कार्यकर्ता क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे, इसलिए हम लोग गए। मंच पर ही गनर ने धक्कामुक्की कर दी। इसके बाद कुछ और लोगों से भी बदतमीजी की गई। निजी सुरक्षाकर्मी हैं, कार्यकर्ताओं से क्या मतलब राकेश शाक्य ने आरोप लगाया कि गनर महानगर अध्यक्ष की सुरक्षा के लिए हैं। उन्हें मंच पर या पार्टी के कार्यक्रमों में हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार ही नहीं है। वहीं, कार्यकर्ताओं के साथ धक्का–मुक्की नहीं करनी चाहिए। जिसकी सुरक्षा में हैं, वहां ध्यान देना चाहिए। हाथापाई से किया इनकार महानगर उपाध्यक्ष संजय गोयल का कहना है कि कार्यकर्ता केवल क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे, लेकिन बार-बार धक्का देकर रोका गया। आरोप लगाया गया कि विवाद के दौरान गनर ने एक कार्यकर्ता पर कारबाइन तान दी, जिस पर आपत्ति जताई गई। उनका कहना है कि इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने मारपीट के आरोपों को निराधार बताया। महानगर अध्यक्ष का पलटवार महानगर अध्यक्ष इंजीनियर राजीव शर्मा का कहना है कि राकेश सहाय और उनके साथियों ने धक्का–मुक्की की थी। जब गनर ने रोका तो उसके साथ भी हाथापाई की गई। उन्होंने पार्टी की छवि खराब करने का आरोप लगाया। एसएसपी से शिकायत, जांच शुरू घटना की सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। गनर अनूप कुमार ने महानगर अध्यक्ष के साथ एसएसपी नीरज जादौन से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। सिविल लाइंस पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


https://ift.tt/L2Qh1dD

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *