क्रिसमस को लेकर शहर में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसी कड़ी में मेरठ के मेथोडिस्ट चर्च में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। चर्च के पास्टर शशि कपूर ने बताया कि क्रिसमस केवल उत्सव नहीं, बल्कि प्रेम, शांति और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है, जो पूरी दुनिया में धूमधाम से मनाया जाता है। पास्टर ने कहा कि जिस तरह भारत में दीपावली रोशनी का, होली रंगों का, रक्षा बंधन भाई-बहन के प्रेम का और ईद आपसी भाईचारे का संदेश देती है, उसी तरह क्रिसमस प्रेम और करुणा का प्रतीक है। इस दिन प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिवस को मनाया जाता है, जिन्हें ईश्वर का पुत्र माना जाता है। पवित्र बाइबिल के अनुसार, ईश्वर ने संसार से इतना प्रेम किया कि उन्होंनें अपना एकमात्र पुत्र मानव कल्याण के लिए पृथ्वी पर भेजा। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने अपने जीवन और शिक्षाओं के माध्यम से प्रेम, त्याग और मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने अंधकार में जी रहे लोगों को ज्योति का रास्ता दिखाया और सिखाया कि बिना प्रेम के जीवन अधूरा है। क्रिसमस इसी प्रेम के दान का उत्सव है, जो ईश्वर ने मानवता को दिया। फादर ने बताया कि क्रिसमस के अवसर पर चर्च में विशेष प्रार्थनाएं होंगी। कैरल गीत गाए जाएंगे, जिनमें प्रभु यीशु के जन्म का संदेश होगा। बच्चों और युवाओं द्वारा छोटा नाटक प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें यीशु मसीह के जन्म की कथा दिखाई जाएगी। इसके साथ ही देश, समाज और पूरे विश्व में शांति, अमन के लिए प्रार्थना की जाएगी। उन्होंने कहा कि यीशु मसीह का जन्म केक काटकर मनाया जाएगा, लोग एक-दूसरे को बधाई देंगे और उपहारों का आदान-प्रदान करेंगे। पास्टर ने देश के प्रधानमंत्री और सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि देश की सभी योजनाओं में प्रभु का मार्गदर्शन रहे और भारत निरंतर उन्नति और विकास की राह पर आगे बढ़े। अंत में पास्टर ने सभी देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में आनंद, प्रेम, सुरक्षा और ईश्वर का आशीष लेकर आए तथा देश में शांति और भाईचारा बना रहे।
https://ift.tt/4E8I7Hk
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply