कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र से तीन दिन पहले लापता हुए दो बच्चों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। सैनी कोतवाली पुलिस ने दोनों बच्चों को 1 फरवरी की देर रात सिराथू रेलवे स्टेशन के पास से ढूंढ निकाला। बच्चे स्कूल न जाने पर डांट के डर से घर से भागे थे। जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी को उचरावां गांव निवासी अमृत लाल ने सैनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनका 12 वर्षीय बेटा रोहन अपने 13 वर्षीय दोस्त ऋषभ सोनकर के साथ स्कूल गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू की थी। बरामदगी के लिए तत्काल टीमों का गठन एसपी कौशांबी राजेश कुमार ने बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए तत्काल टीमों का गठन किया। जांच के दौरान, गठित टीम ने बच्चों के स्कूल के अध्यापकों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि दोनों बच्चे कई दिनों से स्कूल नहीं आ रहे थे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान, 1 फरवरी की देर रात सैनी कोतवाली पुलिस को सिराथू स्टेशन के पास ओवरब्रिज के नीचे दोनों लापता बच्चे मिले। पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। ट्रेन पकड़कर छिवकी स्टेशन पहुंचे पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे कई दिनों से स्कूल नहीं जा रहे थे और उन्हें डर था कि घर वालों को इसकी जानकारी मिल गई है। इसी डर से वे अझुआ से घर वापस न जाकर सिराथू स्टेशन आ गए। वहां से उन्होंने ट्रेन पकड़ी और छिवकी स्टेशन पहुंचे। वे पुणे जाने के लिए ट्रेन में बैठे, लेकिन इटारसी स्टेशन पर ट्रेन बदलने के लिए उतरे। वहां उनका मन बदल गया और वे वापस सिराथू आ गए। बरामद किए गए दोनों बच्चों को पुलिस ने कौशांबी की बाल कल्याण समिति को सौंप दिया है।
https://ift.tt/X2Z1zqP
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply