DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

कौशांबी में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान शुरू:चायल-सरसवां ब्लॉक के 3.5 लाख लोगों को मिलेगी ट्रिपल ड्रग थेरेपी

कौशांबी में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान शुरू हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जनपद के विकास खंड चायल और सरसवां में माइक्रोफाइलेरिया (MF) दर अधिक होने के कारण यहां मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (MDA)/इंटेंसिफाइड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (IDA) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह अभियान 10 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलेगा। इसके तहत चयनित ब्लॉकों के लगभग 3,58,523 लोगों को ट्रिपल ड्रग थेरेपी के अंतर्गत डी.ई.सी., एल्बेन्डाजोल और आइवरमेक्टिन की खुराक दी जाएगी। एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को इस अभियान से बाहर रखा गया है। दवाओं का सेवन ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर द्वारा अपनी निगरानी में कराया जाएगा। इस कार्य के लिए 323 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें कुल 646 ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर शामिल हैं। आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्वयंसेवकों को ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में चयनित किया गया है। प्रत्येक टीम में एक पुरुष सदस्य भी नियुक्त किया गया है। अभियान की निगरानी के लिए 65 टीम सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं, जिनमें ए.एन.एम., आशा संगिनी, एच.एस. और बी.एच.डब्ल्यू. शामिल हैं। जनपद में वर्तमान में 879 लिम्फोडिमा और 125 हाइड्रोसील रोगी सूचीबद्ध हैं। लिम्फोडिमा रोगियों का उपचार एम.एम.डी.पी. किट से और हाइड्रोसील रोगियों का ऑपरेशन द्वारा किया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि 3,58,523 लोगों को दवा देने के लिए डी.ई.सी. (100 मिग्रा) की 8,96,308 गोलियां, एल्बेन्डाजोल (400 मिग्रा) की 3,58,523 गोलियां और आइवरमेक्टिन (3 मिग्रा) की 8,96,308 गोलियों की आवश्यकता होगी। ये दवाएं राज्य मलेरिया मुख्यालय से मंगाई जा रही हैं और ब्लॉकों को उपलब्ध करा दी जाएंगी। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और कौशांबी को वर्ष 2026 तक फाइलेरिया मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।


https://ift.tt/qcMhTNe

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *