DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

कोडीन सिरप मामले में श्याम फार्मा मालिक गिरफ्तार:बलरामपुर के मेडिकल स्टोर संचालकों में दहशत, कार्रवाई शुरू

बलरामपुर में कोडीन आधारित कफ सिरप की अवैध बिक्री के मामले में श्याम फार्मा के मालिक वरुण लाठ को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद से दवा कारोबार से जुड़े व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। पुरानी बाजार समेत आसपास के इलाकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है और कई मेडिकल स्टोर संचालकों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है। बलरामपुर पुलिस ने सोमवार को यह कार्रवाई की, जिसे जांच एजेंसियां एक बड़ी सफलता मान रही हैं। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी नाम सामने आ सकते हैं। इससे पहले अशोक मेडिकल स्टोर और अमन मेडिकल स्टोर के लाइसेंस रद्द किए जा चुके हैं, जिससे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। यह मामला बीते 19 नवंबर से जुड़ा है, जब दवा निरीक्षक ने कोडीन सिरप की अवैध बिक्री को लेकर एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई थी। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को बिक्री रिकॉर्ड में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के संकेत मिले। सत्यापन के दौरान, श्याम फार्मा द्वारा लगभग 15 हजार बोतल कोडीन सिरप की बिक्री के बिल तो दिखाए गए, लेकिन मूल खरीद चालान, स्टॉक रजिस्टर और प्रामाणिक बिक्री रिकॉर्ड पेश नहीं किए जा सके। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध न कराने पर पुलिस ने वरुण लाठ को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद पूरे दवा बाजार में बेचैनी फैल गई। अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है और जब तक पूरे रैकेट का पर्दाफाश नहीं हो जाता, जांच जारी रहेगी। पुलिस की सख्ती के चलते फिलहाल मेडिकल बाजार में अफरा-तफरी का माहौल है और हर कारोबारी अगली कार्रवाई को लेकर सशंकित नजर आ रहा है।


https://ift.tt/l10MT3Y

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *