शाहजहांपुर में कैफे और रेस्टोरेंट से केबिन और पर्दे हटाए जाएंगे। जिला प्रशासन को लगातार इन प्रतिष्ठानों में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। जिलाधिकारी (डीएम) धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सभी कैफे संचालकों को सात दिन के भीतर केबिन और पर्दे हटाने का अल्टीमेटम दिया है। डीएम ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में यह आदेश नहीं माना गया, तो संबंधित कैफे संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पिछले कुछ समय से शहर में कैफे, रेस्टोरेंट और साइबर कैफे की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। इन कैफे में अक्सर केबिन बनाए जाते हैं और शीशों पर पर्दे डाल दिए जाते हैं, जिससे अंदर की गतिविधियां बाहर से दिखाई नहीं देतीं। ऐसी व्यवस्थाओं के कारण अनैतिक कार्यों की आशंका बढ़ जाती है। पूर्व में भी पुलिस ने कई बार सूचना मिलने पर इन कैफे में छापेमारी की है, जहां से लड़के-लड़कियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था। पुलिस प्रशासन तक लगातार इन कैफे में अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें पहुंच रही थीं। हाल ही में रोजा थाना क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों की सूचना पर एक महिला अपने साथियों के साथ एक कैफे पहुंची थी, जहां एक महिला का आपत्तिजनक वीडियो भी सामने आया था। हालांकि, कैफे संचालक ने उस महिला पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायतें मिली हैं कि कैफे के अंदर केबिन के साथ-साथ पर्दे भी लगाए गए हैं, और यहां तक कि उन्हें ‘नॉक’ करने की व्यवस्था भी है। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर कैफे से केबिन और पर्दे हटाने के निर्देश दिए हैं।
https://ift.tt/jMNBR8l
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply