DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी:भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में सबसे आगे, पिछड़े समाज में मजबूत पकड़

महाराजगंज जिले में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उन्हें उत्तर प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि पिछड़े समाज में उनकी मजबूत पकड़ का लाभ पार्टी को मिल सकता है। पार्टी परंपरागत वोटों को सहेजने और ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को कमजोर करने की रणनीति पर काम कर रही है। मौजूदा आकलन के अनुसार, पंकज चौधरी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा हर कदम सावधानी से उठा रही है, जिसकी झलक प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में दिख रही है। जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए, प्रदेश में पिछड़े वर्ग के वोटों को एकजुट करने का प्रयास जारी है। पंकज चौधरी का नाम चर्चा में आने से महाराजगंज के भाजपा कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों में खुशी है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि चौधरी का पार्टी में हमेशा से मजबूत ओहदा रहा है, यही वजह है कि चुनाव में पार्टी ने उन पर लगातार भरोसा जताया है। उनकी पिछड़े समाज में मजबूत पकड़ के अलावा, संगठन में उनके प्रति कभी कोई गतिरोध सामने नहीं आया। उन्होंने पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है। उनके विरोधी भी उनके व्यक्तित्व की सराहना करते हैं। सात बार सांसद होने के बावजूद जनता से उनकी नजदीकी कम नहीं हुई है और वे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करने में विश्वास रखते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंकज चौधरी अपना दल और अन्य सहयोगियों से परंपरागत कुर्मी वोटों को भाजपा की ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शहर से लेकर गांव तक हर कोई टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी लेकर इस सियासी दांव-पेंच पर चर्चा में मशगूल है। चौधरी को संघ के करीबी और पार्टी के कैडर वाले नेताओं के प्रिय भी माना जाता है। उन्होंने चुनाव में अपनी कुशल रणनीति का प्रदर्शन भी किया है और प्रदेश में पिछड़े समाज के एक मजबूत नेता के रूप में जाने जाते हैं।


https://ift.tt/TpBPadw

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *