कुशीनगर में पेशाब करने के विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। घटना के 10 दिन बाद भी FIR दर्ज न होने पर घायल की मां ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। युवक गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना 24 जनवरी की शाम कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के कठकुईया गांव में हुई। जंगल हनुमानगंज गांव निवासी अमर गुप्ता अपने साथी राजकपूर के साथ वहां गया था। एक निजी फैक्ट्री के पास पेशाब करने को लेकर फैक्ट्री से निकले कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों युवक फैक्ट्री मालिक से शिकायत करने गए। शिकायत के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में करीब छह लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले में अमर गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी राजकपूर किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने अमर को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह अब तक बेहोशी की हालत में है। घायल अमर की मां बसंती देवी का कहना है कि बेटे के इलाज के लिए उन्होंने अपनी जमीन तक बेच दी है, लेकिन उसे अभी तक होश नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 31 जनवरी को कुबेरस्थान थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। अमर के भाई दुर्गेश ने बताया कि अमर चार भाइयों में सबसे छोटा है। वह बिहार में फास्ट फूड की दुकान पर बर्गर बेचने का काम करता था और 23 जनवरी को ही घर आया था, क्योंकि घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। अमर की शादी पांच साल पहले हुई थी और उसकी तीन साल की बेटी है। उसकी पत्नी दो माह की गर्भवती भी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है। वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।
https://ift.tt/KuoQ0p1
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply