DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

कुंवर वीरेंद्र सिंह को मिला सेवा शिरोमणि सम्मान:2300 लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने पर गाजीपुर में सम्मान

गाजीपुर में जीवन रक्षक फाउंडेशन द्वारा रविवार, 1 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय सम्मेलन एवं जीवन रक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शहनाई पैलेस, बंधवा में आयोजित इस कार्यक्रम में गाजीपुर सहित देश के विभिन्न राज्यों और जिलों से आए कुल 300 रक्तदाताओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और निस्वार्थ सेवा करने वाले रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अभिनव सिन्हा ने चयनित रक्तदाताओं को सम्मान प्रदान किए। इस समारोह में उत्तर प्रदेश के 15 जनपदों और गाजीपुर के 250 रक्तदाताओं के साथ-साथ शतकवीर एवं अर्धशतकवीर रक्तदाता भी शामिल हुए। इस अवसर पर तीन विशेष सम्मान भी प्रदान किए गए। वाराणसी के 58 वर्षीय प्रदीप इसरानी को 245 बार रक्तदान करने के लिए ‘रक्त शिरोमणि सम्मान’ से नवाजा गया। होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एम.डी. सिंह को कोविड-19 महामारी के दौरान निःस्वार्थ सेवा, निःशुल्क उपचार और मरीजों को मानसिक-चिकित्सीय संबल प्रदान करने के लिए ‘चिकित्सा शिरोमणि सम्मान’ दिया गया। वहीं, 2300 से अधिक लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने वाले कुंवर वीरेंद्र सिंह को ‘श्रेष्ठ सेवा शिरोमणि सम्मान’ से सम्मानित किया गया। शतकवीर रक्तदाताओं में महाराष्ट्र के दीपक शामसुंदर शुक्ला और वाराणसी के राजेश गुप्ता शामिल थे। अर्धशतकवीर रक्तदाताओं में गाजीपुर से ब्रज भूषण दूबे, मिर्जापुर से अभिषेक साहू एवं कृष्णानंद हैहयवंशी, वाराणसी से बीएचयू ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. आशुतोष सिंह व आशीष केशरी, गोरखपुर से अमर सिंह, भदोही से सर्वेश कुमार शुक्ला, राहुल दूबे तथा अंबेडकरनगर से सूरज गुप्ता को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, सुनील सिंह (वाराणसी), बिपिन दूबे (आजमगढ़), हिमांशु द्विवेदी (सिद्धार्थनगर), गुरमीत सिंह (फतेहपुर), रणजीत यादव एवं विनय कुशवाहा (अयोध्या) को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक शीर्षदीप शर्मा ने कहा कि रक्तदान मानव जीवन की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति से नियमित रक्तदान करने की अपील की। समारोह में चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन सचिव डॉ. उरूज फात्मा, सह-सचिव सुरजीत कुमार एवं संजीव अरूण कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अभिनव सिन्हा, नगर पंचायत दिलदारनगर के अध्यक्ष श्री अविनाश जायसवाल, डॉ. डी.पी. सिंह, डॉ. सानंद सिंह, महिला महाविद्यालय गाजीपुर की प्राचार्या डॉ. अनिता कुमारी, अमरनाथ तिवारी, मंटू प्रधान, अनुराग सिंह, प्रभाकर त्रिपाठी, अतुल सिंह, तृप्ति श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


https://ift.tt/A9XDoyS

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *