चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात किन्नर खुशबू के तीन मंजिला मकान में बम धमाका हुआ। मोहरगंज पुलिस चौकी से महज 200 मीटर दूर हुए इस विस्फोट से मकान का पिछला हिस्सा पूरी तरह ढह गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। इस मामले में खुशबू किन्नर ने चार नामजद समेत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है, जबकि एक आरोपी परिवार ने खुद को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू, मनोज कुमार सिंह, विकास सिंह, विशाल सिंह और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कुछ आरोपियों को जेल भेज दिया है। अचानक हुए इस विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और लोग जान बचाकर बाहर निकल आए थे। इसी मामले में बलुआ थाना क्षेत्र सराय निवासी विकास सिंह ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने अपने परिवार सहित खुद को निर्दोष बताया। विकास सिंह का कहना है कि उनके छोटे भाई की दोस्ती खुशबू किन्नर से थी, लेकिन भाई की शादी के बाद से खुशबू किन्नर से विवाद चल रहा है। विकास सिंह ने आरोप लगाया कि खुशबू किन्नर उनके भाई और पूरे परिवार को बेवजह फंसा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई। विकास सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में उनके परिवार के लोग शामिल पाए जाते हैं, तो उन्हें फांसी की सजा दी जाए, लेकिन उनका परिवार पूरी तरह निर्दोष है। उन्होंने यह भी कहा कि बलुआ क्षेत्र के कुछ लोगों से उनके विवाद थे, जो खुशबू किन्नर को उकसाकर उनके परिवार को फंसाना चाहते हैं। इस घटना के विरोध में बुधवार को किन्नर समाज ने चहनिया चौराहा जाम कर मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया जा सका। मामले पर क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि घटना की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, बेगुनाह लोगों को बेवजह फंसाया नहीं जाएगा।
https://ift.tt/a9k5PvG
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply