DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

किन्नर अखाड़े ने किया दुर्गा-काली और बउचरा मां का विसर्जन:माघ मेले में गंगा घाट तक निकली शोभायात्रा, महाशिवरात्रि पर करेंगे स्नान

प्रयागराज माघ मेले में किन्नर अखाड़ा की ओर से धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी है। किन्नर अखाड़ा की प्रदेश अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी कल्याणीनंद गिरि (छोटी मां) के नेतृत्व में बुधवार को सेक्टर-6, नागवासुकी–हर्षवर्धन चौराहे पर स्थित अखिल भारतीय कल्याणी सनातन सेवा ट्रस्ट के शिविर में स्थापित मां दुर्गा, मां बउचरा और मां काली की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच गंगा तट पर भव्य शोभायात्रा के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। महामंडलेश्वर स्वामी कल्याणीनंद गिरि ने बताया कि ये प्रतिमाएं माघ मेले के पहले प्रमुख स्नान पर्व पौष पूर्णिमा से शिविर में स्थापित थीं। माघ मास के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम नियमित पूजन होता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि पूरे माह शिविर में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं और शिष्यों ने प्रसाद ग्रहण किया।
महामंडलेश्वर ने जानकारी दी कि माघ मेले के छठे और अंतिम प्रमुख स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर किन्नर अखाड़ा संगम में भव्य स्नान करेगा। यह स्नान कार्यक्रम सुबह आठ बजे किन्नर संतों और शिष्यों के साथ संपन्न होगा। इस अवसर पर अखाड़े की ओर से धार्मिक अनुष्ठान, पूजन और शिव भक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान किन्नर अखाड़ा की श्रीमहंत कामाक्षी नंद गिरि, शुभम नंद गिरि, हर्षिता नंद गिरि, मनीषा नंद गिरि, शिवानी नंद गिरि, आलिया नंद गिरि सहित कई प्रमुख संत और अनुयायी मौजूद रहे। संगम तट पर किन्नर संतों की उपस्थिति और धार्मिक अनुष्ठानों ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।


https://ift.tt/0TuosgE

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *