कानपुर के बिधनू ब्लॉक की नगवां ग्राम पंचायत स्थित सरकारी विद्यालय में कानपुर की पहली ग्रामीण स्पेस लैब का उद्घाटन किया गया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने व्योमिका स्पेस लखनऊ और इसरो के अंतरिक्ष उपयोगिता केंद्र (सैक), अहमदाबाद के सहयोग से स्थापित इस लैब का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसी आधुनिक प्रयोगशालाएं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने जोर दिया कि इससे छात्र केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि प्रयोग और अवलोकन के माध्यम से विज्ञान को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। जिलाधिकारी ने स्पेस लैब का निरीक्षण किया, जहां बच्चों के लिए टेलिस्कोप, यूएवी, रोबोट, चंद्रयान, मंगलयान, पीएसएलवी, जीएसएलवी, सैटेलाइट मॉडल, हाइड्रो रॉकेट और प्रज्ञान रोवर के प्रोटोटाइप लगाए गए हैं। उन्होंने इसे प्राथमिक विद्यालय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि बताया और अन्य विद्यालयों में भी इसे लागू करने की बात कही। यह स्पेस लैब इसरो सैक अहमदाबाद के ‘विलेज वैज्ञानिक कार्यक्रम’ के तहत स्थापित की गई है। इसमें खगोल विज्ञान, रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक, रॉकेट और सैटेलाइट से जुड़े 62 बड़े और छोटे विज्ञान आधारित प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। यह प्रयोगशाला नगवां के साथ-साथ पूरे बिधनू ब्लॉक के छात्रों के लिए व्यावहारिक शिक्षा का केंद्र बनेगी। इस लैब की स्थापना में ग्राम प्रधान आशीष वाजपेयी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार की राशि में से 7 लाख रुपए इस परियोजना के लिए उपलब्ध कराए। जिला प्रशासन ने इसे स्थानीय संसाधनों से संभव हुआ एक प्रेरणादायी शैक्षिक नवाचार बताया है। ग्रामीण बच्चों को मिलेगा राष्ट्रीय संस्थानों का मार्गदर्शन
मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में अंतरिक्ष और आधुनिक विज्ञान शिक्षा को जमीन तक पहुंचाने की दिशा में मील का पत्थर है। इसरो जैसे राष्ट्रीय संस्थान के सहयोग से बच्चों और शिक्षकों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और तकनीकी कौशल विकसित होगा। बच्चों से किया संवाद, कंबल भी बांटे कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद कर उन्हें जिज्ञासा, प्रयोग और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच जीवन में सही निर्णय लेने और समस्याओं के समाधान करती है।
https://ift.tt/bhgXcJx
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply