कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन लूट ली गई। हरजिंदर नगर स्थित अवस्थी नर्सिंग होम के पास स्कूटी सवार बदमाशों ने पीछे से टक्कर मारकर महिला को गिरा दिया और उसकी चेन छीनकर फरार हो गए। महिला अपने देवर के साथ कचहरी से लौट रही थी। सनिगवां के गणेशपुर निवासी रेखा राजपूत अपने देवर अभिषेक राजपूत के साथ सुबह कचहरी गई थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे घर लौटते समय पीछे से आ रही स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर से रेखा सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। देवर अभिषेक को मामूली चोटें आईं। मौका पाते ही लुटेरे रेखा राजपूत के गले से सोने की चेन छीनकर भाग निकले, जिसकी कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। रेखा राजपूत ने बताया कि वह अपने पति रणविजय की वर्ष 2018 में हुई हत्या के मामले की तारीख पर कचहरी गई थीं। घटना के बाद 112 पर कॉल करने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला ने इलाज के बाद चकेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
https://ift.tt/5NXLEVR
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply