कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जिससे परिवार दहशत में है। पीड़ित पिता के अनुसार, उनकी बेटी कक्षा 10 की छात्रा है। वह 27 जनवरी 2026 को रोज़ की तरह स्कूल गई थी, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। खोजबीन के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि गांव का ही संजय सिंह अपने रिश्तेदार श्याम मजी के पुत्र सूबेदार सिंह के साथ मिलकर किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। परिजनों ने उसी दिन रूरा थाने में लिखित तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने एनसीआर संख्या 37 दर्ज की। हालांकि पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और न ही किशोरी की बरामदगी के लिए कोई प्रभावी प्रयास किए गए। पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि उनकी बेटी नाबालिग है और उसके साथ किसी भी अनहोनी की आशंका से पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि जांच के दौरान कुछ अहम बिंदु सामने आए हैं, जिससे पुलिस मामले के करीब पहुंच चुकी है। उन्होंने शीघ्र ही किशोरी की बरामदगी का आश्वासन दिया है।
https://ift.tt/huvNzH8
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply